शहर

Mumbai News: विक्रोली स्टेशन पर फंसी मंडोवी एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल रेलवे पर कई ट्रेनें लेट, इन रूट्स पर आई दिक्कत

Mumbai News: मुंबई में विक्रोली स्टेशन के पास मंडोवी एक्सप्रेस के लोकोमोटिव में तकनीकी खराबी आने से मध्य रेलवे की लोकल और लंबी दूरी की ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। जानिए कौन-कौन सी ट्रेनें रहीं बाधित।

Image

विक्रोली में मंडोवी एक्सप्रेस का इंजन खराब (सांकेतिक चित्र)

Mumbai News: मायानगरी मुंबई में मध्य रेलवे की मेन लाइन पर यात्रा करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और रेल मुसाफिरों को शुक्रवार रात भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। मडगांव से मुंबई की ओर आ रही ट्रेन संख्या 10104 मंडोवी एक्सप्रेस के इंजन में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण विक्रोली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई। इस खराबी का सीधा असर मध्य रेलवे की अप-थ्रू लाइन, पांचवीं और छठी लाइन पर पड़ा, जिससे कई फास्ट लोकल ट्रेनों के साथ-साथ लंबी दूरी की एक्सप्रेस गाड़ियों के पहिए थम गए।

क्रॉसओवर पॉइंट पर अटका लोकोमोटिव नंबर 22630

रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:05 बजे मंडोवी एक्सप्रेस छठी लाइन पर विक्रोली स्टेशन के पास क्रॉसओवर पॉइंट 106 और 107 के पास आकर अचानक रुक गई। ट्रेन के लोकोमोटिव (नंबर 22630) में आई तकनीकी खराबी इतनी गंभीर थी कि ट्रेन वहीं खड़ी हो गई। चूंकि गाड़ी क्रॉसओवर पॉइंट पर फंसी थी, इसलिए इसने अप-थ्रू लाइन और पांचवीं लाइन के ट्रैफिक को भी पूरी तरह बाधित कर दिया।

ये ट्रेनें और लोकल सेवाएं हुईं प्रभावित

पांचवीं लाइन और मुख्य ट्रैक पर ब्लॉकेज होने के कारण मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों और लंबी दूरी की निम्नलिखित गाड़ियों पर असर पड़ा:

फास्ट लोकल ट्रेनें: AN30, S48 और N32 जैसी प्रमुख फास्ट लोकल सेवाएं बाधित हुईं।

दादर-अंबरनाथ लोकल: ट्रेन नंबर DA12 (दादर से अंबरनाथ लोकल) भी इस तकनीकी खराबी के कारण फंसी रही।

लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें:

ट्रेन संख्या 16351 (नागरकोइल एक्सप्रेस)

ट्रेन संख्या 18029 (एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस)

LTT से भेजा गया दूसरा इंजन, यातायात बहाल करने की कोशिश

घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रात करीब 10:30 बजे कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल प्रभाव से सपोर्ट इंजन की मांग की गई। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने पास ही स्थित लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से एक रिप्लेसमेंट लोकोमोटिव (दूसरे इंजन) का त्वरित प्रबंध किया। नया इंजन जोड़कर फंसी हुई मंडोवी एक्सप्रेस को आगे रवाना करने और बाधित लाइनों पर ट्रेनों का संचालन सामान्य करने के प्रयास तेजी से शुरू किए गए।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article