अध्यात्म

Tulsi Vivah 2026: आज तुलसी विवाह है या नहीं, तुलसी विवाह करने का शुभ मुहूर्त क्या है, तुलसी के पौधे का शालिग्राम से विवाह कैसे कराएं

Tulsi Vivah 2026 Timings: तुलसी विवाह का पर्व कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को मनाया जाता है। चलिए जानें आज द्वादशी तिथि है या नहीं, आज तुलसी विवाह है क्या, तुलसी विवाह की पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है और तुलसी के पौधे का शालिग्राम से विवाह कैसे कराया जाता है।

Image

तुलसी विवाह क्यों मनाते हैं (Photo Credit- AI Gemini)

Tulsi Vivah 2026 (today is tulsi vivah or not): हिंदू धर्म के लोगों के लिए तुलसी विवाह का पर्व बहुत ही खास होता है, जो प्रत्येक वर्ष कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम का मां लक्ष्मी के स्वरूप देवी तुलसी (वृंदा) से विवाह कराया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, प्राचीन काल में माता तुलसी यानी देवी वृंदा ने भगवान विष्णु को शिला यानी शालिग्राम बनने का श्राप दिया था और खुद तुलसी के रूप में प्रकट हो गई थीं। देवी वृंदा की भक्ति का सम्मान करते हुए विष्णु जी ने उनका श्राप स्वीकार किया। साथ ही उन्हें तुलसी के पौधे के रूप में पूजे जाने का आशीर्वाद दिया और वचन दिया कि वो शालिग्राम रूप में हर वर्ष उनसे विवाह करेंगे। मान्यता है कि तुलसी विवाह के दिन पूजा करने से जीवन में सुख, समृद्धि, वैभव, यश और धन आदि का वास होता है।

यहां पर आप जानेंगे कि आज कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि कब से कब तक रहेगी, आज तुलसी विवाह करना शुभ रहेगा या नहीं, तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त क्या है और तुलसी विवाह कैसे किया जाता है।

आज तुलसी विवाह है क्या

द्रिक पंचांग के अनुसार, तुलसी विवाह का पर्व हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को मनाया जाता है। आज दिनभर कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि रहने वाली है। ऐसे में आज 21 नवंबर 2026, शनिवार को ही तुलसी विवाह का पर्व मनाया जा रहा है।

आज द्वादशी तिथि कब से कब तक है

कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि का आरंभ आज 21 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर हुआ है। अब कल 22 नवंबर 2026 की सुबह 4 बजकर 56 मिनट तक कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि रहेगी।

टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें- तुलसी माता की आरती हिंदी में

आज तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त क्या है (today tulsi vivah muhurat time)

तुलसी विवाह के दिन तुलसी के पौधे का शालिग्राम से विवाह शाम के समय गोधूलि मुहूर्त में कराया जाता है। हालांकि, पूजा की तैयारी गोधूलि मुहूर्त से पहले ही कर लेनी चाहिए। पंचांग के अनुसार, आज 21 नवंबर 2026 को गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर शाम 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। इस दौरान आप तुलसी के पौधे का शालिग्राम से विवाह करा सकते हैं।

तुलसी विवाह में क्या सामग्री लगती है

  • स्वस्थ तुलसी का पौधा
  • भगवान शालिग्राम की मूर्ति या शिला
  • गन्ने (विवाह मंडप बनाने के लिए)
  • रंगोली के लिए रंग
  • फूलों की मालाएं
  • गेंदे/गुलाब के फूल।
  • सुहाग का सामान (लाल चुनरी, बिंदी, चूड़ी और मेहंदी आदि)
  • शालिग्राम जी के लिए पीला वस्त्र या जनेऊ
  • एक लकड़ी की चौकी
  • लाल या पीले रंग का कपड़ा
  • कलश
  • शुद्ध घी का दीपक
  • धूप/अगरबत्ती
  • पंचामृत
  • रोली
  • अक्षत
  • कपूर
  • पान के पत्ते
  • सुपारी
  • नारियल
  • कलावा
  • मौसमी फल (सिंघाड़ा, आंवला, शकरकंद, अमरूद या बेर)
  • भोग (हलवा, गुड़-चना या बताशे)

तुलसी विवाह की पूजा कैसे करें

  • पूजा स्थल को साफ करें और रंग-बिरंगे रंगों से रंगोली बनाएं।
  • एक लकड़ी की चौकी पर लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाएं।
  • चौकी के चारों कोनों पर गन्नों को खड़ा करके विवाह का मंडप तैयार करें।
  • मंडप को फूलों, पत्तों और फूलों की मालाओं से सजाएं।
  • मंडप पर तुलसी का पौधा और शालिग्राम जी को विराजमान करें।
  • सबसे पहले भगवान गणेश का ध्यान करें।
  • तुलसी के पौधे को लाल चुनरी ओढ़ाएं और श्रृंगार की सामग्री अर्पित करें।
  • शालिग्राम जी का पंचामृत से अभिषेक करें और उन्हें पीले वस्त्र या जनेऊ अर्पित करें।
  • हाथ में अक्षत और फूल लेकर तुलसी विवाह का संकल्प करें।
  • तुलसी जी और शालिग्राम जी का कलावा या लाल कपड़े से गठबंधन करें।
  • दोनों को फूलों की माला पहनाएं और सुपारी-नारियल आदि पूजा सामग्री अर्पित करें।
  • शालिग्राम जी को हाथ में लेकर तुलसी के पौधे की 7 बार परिक्रमा (फेरे) करें।
  • विवाह के मंगल गीत गाएं व मंत्रों का जाप करें। इस दौरान तुलसी और शालिग्राम जी पर अक्षत व पुष्प की वर्षा करें।
  • तुलसी विवाह की कथा पढ़ें।
  • दोनों को मौसमी फल और मिठाई का भोग लगाएं। भोग में तुलसी दल अवश्य रखें।
  • धूप/अगरबत्ती और कपूर जलाएं।
  • घी का दीपक जलाकर साथ में तुलसी माता और शालिग्राम जी की आरती करें।
  • हाथ जोड़कर अपने व अपने परिवार वालों की खुशहाली की प्रार्थना करें।
  • अंत में प्रसाद सभी घरवालों के बीच बांटें।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह कराने से व्यक्ति को कन्यादान के समान पुण्य मिलता है। साथ ही वैवाहिक जीवन में मधुरता और घर-परिवार में सुख-समृद्धि का स्थायी वास होता है।

Nidhi Jain
निधि जैनauthor

निधि जैन Times Now नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के तौर पर जुड़ी हैं। इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 साल से ज्यादा का अनुभव है। पढ़ने और लिखने के प्रति इनकी रुचि ही इन्हें जर्नलिज्म की ओर लेकर आई। निधि अब तक हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों पर 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article