Bangladesh violence: बांग्लादेश में हिंसा तेज होती जा रही है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह नगर गोपालगंज जिले में तनाव गुरुवार को और बढ़ गया। 'ढाका ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक यहां गुरुवार को गुस्साई भीड़ ने गोपालगंज-1 सीट के सांसद सेलिमुज्जमान सेलिम के काशियानी इलाके में स्थित आवास पर हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया। आरोप है कि सांसद के घर पर हमला अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने किया। बांग्लादेश में हाल की हिंसा में तीन लोगों की मौत हुई है जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। उपद्रवियों ने 11 वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कही है
गौरतलब है कि बांग्लादेश में हिंसा का यह दौर शेख हसीना की स्वदेस वापसी की घोषणा के बाद हो रहा है। 5 अगस्त 2024 को भारत में शरण लेने वाली हसीना ने कहा है कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी। इसके लिए उन्होंने तारिक रहमाम सरकार से अपना पासपोर्ट एवं राष्ट्रीय पहचान संख्या जारी करने की मांग की है। रहमान सरकार इसके लिए तैयार नहीं है। वह भारत सरकार से उनका प्रत्यर्पण चाहती है। हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश में तनाव बढ़ गया है। अवामी लीग के कार्यकर्ता सड़कों पर रहमान सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, बुधवार शाम और गुरुवार सुबह के बीच बांग्लादेश के 14 जिलों में हिंसा की घटनाएं हुईं। हिंसा एवं उपद्रव पर काबू करने के लिए कई जिलों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
ग्रामीण बैंक की शाखा में आग लगाई
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सुबह करीब 10:30 बजे सांसद सेलिमुज्जमान के घर पर देसी बम फेंके, तोड़फोड़ की और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। भीड़ ने घर में लगी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया। इसी बीच मुक्सुदपुर थाने और ग्रामीण बैंक की एक शाखा में भी तोड़फोड़ और आगजनी की खबर है। आरोप है कि इन घटनाओं के पीछे अवामी लीग के कार्यकर्ता और समर्थक थे। हालांकि बुधवार रात के बाद से गोपालगंज में हिंसा की कोई नई घटना सामने नहीं आई थी, लेकिन पूरे जिले में तनाव बना हुआ है। शहर की सड़कों पर यातायात बेहद कम रहा और दुकानें बंद रहीं। लोग जरूरी काम के बिना घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और कारोबार ठप पड़ा है।
गोपालगंज-पिरोजपुर क्षेत्रीय राजमार्ग बंद
गुरुवार सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर पेड़ गिराकर ढाका-खुलना और ढाका-बारिसाल राजमार्गों के गोपालगंज वाले हिस्सों को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। जिले की कई आंतरिक सड़कों पर भी बैरिकेड लगा दिए गए हैं। गोपालगंज शहर और उसके भीतरी सड़क नेटवर्क पर सुबह से ही यातायात ठप है। गोपालगंज-पिरोजपुर क्षेत्रीय राजमार्ग 17 नवंबर की रात से बंद पड़ा है। टुंगीपारा में कई जगहों पर पेड़ों के तने सड़क पर डाल दिए गए हैं, जिससे इस मार्ग पर भी आवाजाही नहीं हो पा रही।
गोपालगंज में हालात नाजुक
सुरक्षा व्यवस्था की बात करें तो बुधवार को शहर के प्रमुख स्थानों पर कोई सुरक्षा चौकी नजर नहीं आई। वहीं, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी), आर्म्ड पुलिस बटालियन (एपीबीएन) और बांग्लादेश अंसार एवं ग्राम रक्षा दल (वीडीपी) के जवान उपायुक्त कार्यालय पर तैनात दिखे। कुल मिलाकर, गोपालगंज में हालात नाजुक बने हुए हैं। सड़कों पर अवरोध, बंद बाजार और आगजनी की घटनाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बहाल करने और राजमार्गों को खुलवाने की बड़ी चुनौती है।
