भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में 4 विकेट के अंतर से मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में 264 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए मिले 265 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने विराट कोहली की 84(98) रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत हासिल करके फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम लगातार तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। वहीं लगातार चौथे आईसीसी इवेंट्स के फाइनल में रोहित शर्मा की कप्तानी में पहुंचने में सफल रही है। जिसमें से साल 2024 के टी20 विश्व कप में भारतीय टीम खिताब अपने नाम करने में सफल रही। ऐसा रहा भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल के पल पल का हाल?
ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस:
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत ने अपनी एकादश में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम दो बदलाव के साथ उतरी थी। टीम में स्पेनसर जॉनसन और तनवीर सांघा को मौका दिया।खराब रही ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत
भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करने आए कूपर कोनोली मोहम्मद शमी के खिलाफ लगातार संघर्ष करते रहे और नौ गेंद में बगैर खाता खोले विकेट के पीछे कैच दे बैठे। 4 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। लेकिन इसके बाद ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने पारी को संभाला और टीम को 7.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 31 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। लेकिन 54 के स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती ने 39(33) पर हेड को शुभमन गिल के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरी और बड़ी सफलता दिलाई। हेड 39(33) रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे।
स्मिथ-लाबुशेन ने पहुंचाया 100 रन के पार
54 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई पारी को स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने आगे बढ़ाया। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम को 19.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 69 गेंद में पूरी की। इसके बाद स्टीव स्मिथ ने अपना अर्धशतक 68 गेंद में चार चौकों की मदद से पूरा कर लिया। लेकिन 23वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्मिथ और लाबुशेन की साझेदारी को रवींद्र जडेजा ने तोड़ दिया। लाबुशेन जडेजा की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। उन्होंने 29(36) रन बनाए। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए जोस इंग्लिश 11 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर विराट कोहली के हाथों लपके गए।
एलेक्स कैरी ने बढ़ाई रनों की रफ्तार
144 रन पर 4 विकेट गंवाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में नज़र आ रही थी। ऐसे में स्टीव स्मिथ को एलेक्स कैरी का साथ मिला। दोनों ने टीम को 28.5 ओवर में 150 रन के पार पहुंचाया। 35 ओवर तक ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट पर 186 रन बना लिए थे। ड्रिक्स ब्रेक के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ को मोहम्मद शमी ने फुल टॉस गेंद पर बोल्ड कर दिया और भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। स्मिथ 73(96) रन बना सके। उनके आउट होते ही स्कोर 5 विकेट पर 198 रन हो गया। स्मिथ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए ग्लेन मैक्सवेल ने अक्षर पटेल की गेंद पर छक्का जड़ा इसके बाद अगली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। मैक्सवेल ने 7(5) रन बनाए।
अक्षर के सटीक थ्रो ने किया कैरी की पारी का अंत
205 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट गंवा दिए थे। जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद भी एलेक्स कैरी पिच पर डटे रहे और उन्होंने अपना अर्धशतक 48 गेंद पर 7 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा देर तक किसी का साथ नहीं मिला। बेन ड्वारसुइस 19(29) रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। इसके बाद एलेक्स कैरी श्रेयस अय्यर के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। उन्होंने 61(57) रन बनाए।
264 रन पर ढही ऑस्ट्रेलियाई पारी
कैरी के आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 8 विकेट पर 249 रन हो गया। ऐसे में अंत में नाथन एलिस (10)ने कुछ बड़े शॉट्स खेलकर स्कोर को 264 रन तक पहुंचाया। जंपा 7 रन बनाकर पांड्या का शिकार बने। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंत 49.3 ओवर में 264 रन पर हो गया। भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज मोहम्मद शमी रहे उन्होंने 48 रन देकर 3 विकेट चटकाए। 2-2 विकेट वरुण चक्रवर्ती और रवींद्र जडेजा के खाते में गए। एक-एक सफलता हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को मिली।
सस्ते में पवेलियन लौटे शुभमन और रोहित
जीत के लिए 265 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। कप्तान रोहित शर्मा को शुरुआती ओवरों में ही दो जीवनदान मिले। शुभमन गिल और रोहित ने टीम को 30 रन के स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर बेन ड्वारस्विश ने गिल को बोल्ड कर दिया। गिल 8(11) रन बना सके। गिल के आउट होने के बाद रोहित शर्मा को विराट कोहली की साथ मिला। लेकिन पिच पर पैर जमा चुके रोहित कूपर कोनोली की गेंद पर गच्चा खाकर एलबीडब्लू हो गए। रोहित ने 28(29) रन बना।
विराट और अय्यर ने पहुंचाया 100 रन के पार
टीम इंडिया ने 43 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में विराट कोहली को श्रेयस अय्यर का साथ मिला। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया। भारत ने 9.3 ओवर में 50 रन पूरे किए। दोनों ने 10 ओवर में टीम को 2 विकेट पर 55 रन तक पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 67 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की और टीम को 19.4 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया।
विराट ने जड़ा अर्धशतक, अय्यर चूके
टीम को 100 रन के पार पहुंचाने के बाद विराट कोहली ने अपना अर्धशतक 53 गेंद में 4 चौकों की मदद से पूरा किया। विराट और अय्यर स्कोर को 134 रन तक ले गए। लेकिन 27वें ओवर की दूसरी गेंद पर अय्यर जांपा की गुगली को पढ़ने में नाकाम रहे और बोल्ड हो गए। उन्होंने 45(62) रन बनाए।
विराट-राहुल ने पहुंचाया 200 के पार, अक्षर ने खेली अहम पारी
अय्यर के आउट होने के बाद विराट का साथ देने अक्षर पटेल आए। अक्षर ने एक बार फिर अपनी भूमिका अच्छी तरह अदा की। लेकिन 178 के स्कोर पर अक्षर एलिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 27(30) रन की पारी खेली। 178 रन पर भारत ने 4 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन किंग ऑफ चेज विराट पिच पर डटे थे। उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर टीम को 39.3 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया।
विराट नहीं पूरा कर पाए शतक, जंपा का बने शिकार
राहुल ने कुछ बड़े शॉट खेलकर विराट का दबाव थोड़ा कम किया। लेकिन 225 के स्कोर पर विराट कोहली एडम जांपा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच दे बैठे। विराट का कैच ड्वारस्विस ने लपका। उन्होंने 84(98) रन बनाए और अपने 52वें वनडे शतक से चूक गए।
केएल राहुल ने जड़ा विजयी छक्का
विराट के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या और केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। केएल राहुल ने इस दौरान अपने वनडे करियर में 3 हजार रन पूरे किए। अंतिम 24 गेंद में जीत के लिए भारत को 27 रन बनाने थे। इससे ठीक पहले हार्दिक ने नाथन एलिस का ओवर मेडन खेला। हार्दिक जीत से ठीक पहले 28(24) रन बनाकर एलिस की गेंद पर कैच दे बैठे। अंत में केएल राहुल ने 49वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचा दिया। राहुल 42(34) रन बनाकर और जडेजा 2 (1) रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय टीम ने
मैन ऑफ द मैच
विराट कोहली को उनकी 84 रन की मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
