क्रिकेट

IND vs SL: 'श्रीलंका को पारी से हराएगा भारत', भारतीय दिग्गज ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का निर्णायक कोलंबो में खेला जा रहा है। दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने मैच के नतीजे को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की। पूर्व भारतीय क्रिकेटर का मानना है कि भारत, श्रीलंका को पारी से हराएगा।

Image

चेतेश्वर पुजारा की बड़ी भविष्यवाणी। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल से पहले चेतेश्वर पुजारा ने बड़ी भविष्यवाणी की। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे पुजारा का मानना है कि यदि भारतीय गेंदबाज तीसरे दिन अच्छी गेंदबाजी करते हैं तो भारत मेजबान को पारी के अंतर से हराएगा।

दूसरे टेस्ट मैच का दूसरा दिन भारत के नाम रहा। भारत ने 9 विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की। तीन नंबर के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और सात नंबर के बल्लेबाज ध्रुव जुरैल ने शतकीय पारी खेली। इसके बाद बारिश से प्रभावित दूसरे दिन के अंत में भारतीय गेंदबाजों ने तीन ओवर के अंदर दो विकेट निकाले।

पुजारा की भविष्वाणी

भारत की अच्छी गेंदबाजी देखकर सोनी स्पोर्ट्स पर कमेंट्री की जिम्मेदारी संभाल रहे पुजारा ने एक भविष्यवाणी की। पुजारा ने कहा कि 500 से अधिक रन बनाने के बाद अब भारत इस मैच को किसी भी हालत में नहीं हार सकता और यह स्कोर जीत दर्ज करने के लिए काफी है। उन्होंने कहा कि सबकुछ भारत के पक्ष रहा तो भारत मेजबान को पारी से हराएगा।

पडिक्कल और जुरैल का शतक

इसके अलावा पुजारा ने युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरैल की नाबाद 115 रनों शतकीय पारी की सराहना की। जुरैल की तारीफ करते हुए पुजारा ने कहा कि उनकी तकनीक, फुटवर्क और शॉट चयन की स्पष्टता बेहतरीन है। वे एक पूर्ण टेस्ट खिलाड़ी नजर आते हैं और आने वाले समय में इस प्रारूप में काफी निरंतरता दिखा सकते हैं।

दमदार पारी

फरवरी 2024 में राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले 25 साल के ध्रुव जुरैल अब तक 12 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में 651 रन बना चुके हैं। कोलंबो में उन्होंने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा। इससे पहले उन्होंने अक्टूबर 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 125 रनों की पारी खेली थी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article