स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान की करारी हार के बाद क्रिकेट जगत के साथ-साथ इंग्लिश मीडिया में उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर सलमान बट ने ब्रिटिश मीडिया की कड़ी आलोचना के खिलाफ पाकिस्तान की क्रिकेट टीम का बचाव किया। उन्होंने तल्ख शब्दों में कहा कि आप अपने बारे में क्या सोचते हैं।
इंग्लैंड ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान पर एक बड़ी जीत हासिल की थी। कोचिंग में बदलाव के बाद मिली यह जीत इंग्लिश टीम के लिए एक नए दौर की शुरुआत थी। वहीं, पाकिस्तान की हार के बाद उसकी चारो तरफ थू-थू होने लगी। हेडिंग्ले में इंग्लैंड के हाथों पहले टेस्ट में बुरी तरह हारने के बाद, जब UK की मीडिया ने मौजूदा पाकिस्तानी टीम को 'पिछले 50 सालों की सबसे खराब टीम' कहा, तो पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ब्रिटिश मीडिया पर भड़क गए।
इंग्लैंड की टीम पर उठाए सवाल
बट ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों का बचाव किया और आलोचना के लहजे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टीम ने कभी भी यह दावा नहीं किया था कि वे वर्ल्ड क्रिकेट में एक दबदबा रखने वाली टीम हैं। साथ ही, उन्होंने दोनों टीमों की तुलना करते हुए इंग्लैंड की टीम के गठन पर भी सवाल उठाए।
'आप कैसी बातें करते हैं?'
बट ने कहा, हमने कभी नहीं कहा कि हम वर्ल्ड चैंपियन हैं। हमने कभी बड़ी टीम होने का दावा नहीं किया और न ही कभी अपनी तारीफ की। आप अपने बारे में क्या सोचते हैं? आप कैसी बातें करते हैं? टीमों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। हो सकता है कि टीमें अच्छा न खेलें।
'यह छह देशों की टीम नहीं है'
बट ने आगे कहा, कम से कम हमारी टीम कैसी भी हो, भले ही वह अब तक की सबसे खराब टीम हो, वह हमारी अपनी है। यह कॉमनवेल्थ की टीम नहीं है, जिसमें कप्तान आयरलैंड से हो, विकेट-कीपर साउथ अफ्रीका से... एक खिलाड़ी स्कॉटलैंड से, एक ऑस्ट्रेलिया से और एक वेस्टइंडीज से हो। यह छह देशों की टीम नहीं है जो एक साथ खेल रही हो।
पाकिस्तान का खराब प्रदर्शन
उनके ये कमेंट्स तब आए जब तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया। इंग्लैंड ने शुक्रवार को तीन दिन के अंदर ही एक पारी और 103 रन से जीत हासिल करके 1-0 की बढ़त बना ली। पहली पारी में 238 रन की बढ़त लेने के बाद इंग्लैंड ने पाकिस्तान को दूसरी पारी में 37.3 ओवर में 135 रन पर आउट कर दिया। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिजवान ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए।
