Rajasthan Weather: कल दिनभर दिल्ली-एनसीआर में बारिश से यहां जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। इसी के साथ अब राजस्थान में भी मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है। आज यानी मंगलवार 25 अगस्त की सुबह से ही राजधानी जयपुर सहित पांच जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 17 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश होने से दिन के तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी और उमस से भी राहत मिली है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राजस्थान में बारिश का यह दौर फिलहाल जारी रहने वाला है। खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सटे भरतपुर, अलवर, धौलपुर और करौली सहित कई जिलों में अगले तीन दिन बारिश की संभावना है। मानसून ट्रफ के प्रभाव से राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर बना रह सकता है।
भरतपुर में 102 MM बारिश
पिछले 24 घंटे में भरतपुर जिले के सीकरी में सबसे ज्यादा 102 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है। भरतपुर जिले में रविवार रात से सोमवार शाम तक बारिश का दौर जारी रहा। अलवर, करौली और दौसा में भी कई जगहों पर लगभग 3 इंच तक बारिश हुई।
पांचना बांध में बढ़ा पानी
करौली में तेज बारिश के बाद हिंडौन के बाजारों और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। बारिश के चलते पांचना बांध में भी पानी की आवक बढ़ गई है। बांध का गेज 9.10 मीटर से बढ़कर 9.15 मीटर तक पहुंच गया है।
कोटपूतली-बहरोड़ के बानसूर में सोमवार सुबह करीब तीन घंटे तेज बारिश हुई। इससे अलवर बाईपास रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई। टोंक में भी पिछले 24 घंटे में 62 MM बारिश हुई, जबकि अलीगढ़ कस्बे में 108 MM पानी बरसा। जिले में औसत बारिश 37 MM रही।
जयपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश
जयपुर में सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद आज सुबह भी बारिश जारी रही। पिछले 24 घंटे में जेएलएन मार्ग पर 35 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के कारण जयपुर के तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर और कोटा में सोमवार देर रात शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार सुबह तक जारी रहा।
कोटा में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। यहां 26 अगस्त तक यलो अलर्ट है। हालांकि, मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस मानसून सीजन में कोटा संभाग में अब तक औसत से 35 फीसद कम बारिश हुई है।
कई जिलों में बारिश का इंतजार
राजस्थान के लगभग सभी हिस्सों में मानसून की गतिविधि एक जैसी नहीं है। अजमेर में बादल छाने के बावजूद धूप निकलने से गर्मी और उमस बनी हुई है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
सीकर में डेढ़ हफ्ते से नहीं हुई बारिश
एक तरफ कुछ जिलों में झमाझम बारिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ सीकर में पिछले करीब डेढ़ हफ्ते से बारिश नहीं हुई है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उदयपुर में भी सोमवार को बारिश नहीं हुई और अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा। जोधपुर में बारिश नहीं होने से उमस बढ़ी। यहां अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार राजस्थान में बारिश का मौजूदा दौर गुरुवार 27 अगस्त तक जारी रह सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में तेज बारिश के साथ स्थानीय स्तर पर जलभराव की स्थिति देखने को मिल सकती है।
