पाकिस्तान ने बांग्लादेश को एशिया कप के सुपर फोर राउंड के करो या मरो वाले मुकाबले में पटखनी देकर एशिया कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 28 सितंबर को दुबई में खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान की भारत के साथ खिताबी भिड़ंत होगी। एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार भारत पाकिस्तान के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। पाकिस्तान ने मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 135 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 124 रन बना सकी और 11 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने अपनी टीम को करो या मरो के मुकाबले में जीत दिलाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। दो विकेट सैम अयूब के खाते में गए। जानिए कैसा रहा इस रोमांचक मुकाबले के पल पल का हाल?
बांग्लादेश ने जीता टॉस
पाकिस्तान के खिलाफ सुपर फोर राउंड के मुकाबले में बांग्लादेश के कार्यवाहक कप्तान जाकिर अली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
खराब रही पाकिस्तान की शुरुआत
बांग्लादेश के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में पाकिस्तान के लिए पारी की शुरुआत करने साहिबजादा फरहान और फखर जमां की जोड़ी उतरी। लेकिन शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर फरहान तस्कीन अहमद की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 4(4) रन बनाए और रिशाद हुसैन के हाथों लपके गए। इसके बाद दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर बल्लेबाजी करने आए सैम अयूब एक बार फिर खाता खोलने में नाकाम रहे और मेहदी हसन की गेंद पर रिशाद हुसैन के हाथों लपके गए। 5 रन के स्कोर पर पाकिस्तान ने 2 विकेट गंवा दिए और उसकी हालत खराब हो गई।
रिशाद हुसैन ने दिए पाकिस्तान को दोहरे झटके
दो विकेट जल्दी जल्दी गंवाने के बाद फखर जमां और कप्तान सलमान आगा ने पारी को संभालने की कोशिश की और पॉवरप्ले के अंत तक टीम को 2 विकेट के नुकसान पर 27 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन पॉवरप्ले के समाप्त होते ही फखर जमां रिशाद हुसैन की फिररी में फंस गए और तंजीम हसन साकिब के हाथों कैच के बैठे। उन्होंने 13(20) रन बनाए। फखर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए हुसैन तलत भी रिशाद हुसैन की स्पिन के चक्रव्यूह में फंस कर पवेलियन वापस लौट गए। उन्होंने 3(7) रन बनाए। 33 के स्कोर पर पाकिस्तान ने 4 विकेट गंवा दिए थे।
शाहीन ने खेली छोटी लेकिन तेज पारी
हुसैन तलत के आउट होने के बाद कप्तान सलमान आगा का साथ देने मोहम्मद हारिस उतरे। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की लेकिन 49 के स्कोर पर कप्तान सलमान आगा की पारी का अंत हो गया। सलमान 19(23) रन बना सके। 10.5 ओवर में 49 के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने शाहीन अफरीदी को प्रमोट करके बल्लेबाजी के लिए ऊपर भेजा। शाहीन ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंद में 19 रन जड़े लेकिन 71 के स्कोर पर तस्कीन अहमद की गेंद पर कैच दे बैठे।
मोहम्मद हारिस और नवाज ने पहुंचाया 100 रन के पार
71 रन पर 6 विकेट गंवाकर पाकिस्तानी टीम बेहद मुश्किल में नजर आ रही थी ऐसे में ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज ने मोहम्मद हारिस का साथ दिया। दोनों ने मिलकर पाकिस्तान को 16.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन 109 के स्कोर पर हारिस मेहदी हसन की गेंद पर उनके ही हाथों लपके गए। उन्होंने 31(23) रन बनाए। इसके बाद मोहम्मद नवाज भी 19वें ओवर में 120 के स्कोर पर तस्कीन अहमद की गेंद पर कैच दे बैठे। अंत में फहीम अशरफ ने 9 गेंद में 14 और हारिस राऊफ ने 3(3) रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 8 विकेट पर 135 रन तक पहुंचा दिया।बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट तस्कीन अहमद ने चटकाए। उनके अलावा 2-2 विकेट मेहदी हसन और रिशाद हुसैन के खाते में गए। मुस्तफिजुर रहमान ने एक विकेट अपने नाम किया।
खराब रही बांग्लादेश की शुरुआत
जीत के लिए 136 रन के स्कोर का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत भी खराब रही। पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर शाहीन अफरीदी ने परवेज हुसैन इमोन को मोहम्मद नवाज के हाथों कैच करा दिया। एक रन के स्कोर पर बांग्लादेश को पहला झटका लगा। इसके बाद सैफ हसन और तोहीद हृदोय ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों स्कोर को 23 रन तक ले गए लेकिन इस पनप रही साझेदारी की शाहीन अफरीदी ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर तोड़ दिया। हृदोय अफरीदी की गेंद पर सैम अयूब के हाथों कैच दे बैठे। हृदोय ने 5(10) रन बनाए। हृदोय के आउट होने के बाद एक छोर संभालकर खेल रहे सैफ हसन को हारिस रऊफ ने सैम अयूब के हाथों कैच करा दिया। हसन 18(15) रन बना सके।
बांग्लादेश ने 44 रन पर गंवाए 4 विकेट
29 रन पर बांग्लादेश की टीम ने 3 विकेट गंवा दिए थे। मेहदी हसन और नुरुल हसन के रूप में दो नए बल्लेबाज पिच पर थे। ऐसे में बांग्लादेश ने पॉवरप्ले में 3 विकेट के नुकसान पर 36 रन बना लिए थे। मेहदी और नुरुल हसन ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों स्कोर को 44 रन तक ले गए लेकिन आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद नवाज ने मेहदी हसन को हुसैन तलत के हाथों कैच कराकर चौथा झटका बांग्लादेश को दिया। मेहदी 11(10) रन बनाकर पवेलियन लौटे।
10 ओवर में बांग्लादेश ने बनाए 58/4 रन
4 विकेट गंवाने के बाद नरुल हसन ने शमीन हुसैन के साथ पारी को आगे बढ़ाया और बांग्लादेश को 9.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। 10 ओवर में बांग्लादेश ने 4 विकेट पर 58 रन बना लिए थे। उसे जीत के लिए 60 गेंद में 78 रन और बनाने थे। नुरुल हसन 14 और शमीम हुसैन 10(7) रन बनाकर खेल रहे थे। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा ऐसे में सैम अयूब ने नुरुल हसन को मोहम्मद नवाज के हाथों कैच कराकर पांचवीं सफलता अपनी टीम को दिलाई। नुरुल हसन 16(21) रन बना सके।
जीत के लिए थी 48 गेंद में 78 रन की दरकार
11.4 ओवर में 63 के स्कोर पर बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में कप्तान जाकिर अली के कंधों पर टीम का बेड़ा पार कराने की जिम्मेदारी आ गई। दूसरे छोर पर उनका साथ देने के लिए शमीम हुसैन थे। दोनों स्कोर को 12 ओवर में 5 विकेट पर 64 रन तक ले गए। जीत के लिए बांग्लादेश को 48 गेंद में 72 रन की दरकार थी। जाकिर अली 1(2) और शमीम हुसैन 12(12) रन बनाकर खेल रहे थे।
कप्तान नहीं मचा पाए धमाल
टीम को जब सबसे ज्यादा जरूरत थी तब बांग्लादेश के कार्यवाहक कप्तान जाकिर अली बल्ले से धमाल मचाने में नाकाम रहे। पारी के 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जाकिर अली को सैम अयूब ने मोहम्मद नवाज के हाथों कैच कराकर बांग्लादेश को छठा झठका दिया। जाकिर अली 5(9) रन बना सके। 73 के स्कोर पर बांग्लादेश को छठा झटका लगा।
शमीम के आउट होते ही ढहे बांग्लादेश के जीत के अरमान
बांग्लादेश ने छह विकेट गंवा दिए थे लेकिन एक छोर पर शमीम हुसैन डटे हुए थे। उन्हें दूसरे छोर पर तंजीम हसन साकिब का साथ मिला। दोनों ने जल्दी ही टीम को 16 ओवर में 6 विकेट पर 90 रन तक पहुंचा दिया। हुसैन 30(23) और साकिब 4(6) रन बनाकर खेल रहे थे। जीत के लिए 24 गेंद में 46 रन बांग्लादेश को और बनाने थे। 17वें ओवर में शाहीन अफरीदी ने शमीम हुसैन को आउट करके बांग्लादेश की जीत की संभावनाओं को तकरीबन खत्म कर दिया। शमीम रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में कैच दे बैठे। वो 30(25) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 2 छक्के जड़े। 97 के स्कोर पर बांग्लादेश को सातवां झटका लगा।
हारिस रऊफ ने दिए बांग्लादेश को दोहरे झटके
17 ओवर में बांग्लादेश ने 7 विकेट पर 97 रन बना लिए थे। जीत के लिए 18 गेंद में 39 रन की जरूरत थी और पिच पर दो पुछल्ले बल्लेबाज रिशाद हुसैन और तंजीम हसन साकिब थे। ऐसे में गेंदबाजी करने आए हारिस रऊफ ने तंजीम हसन शाकिब को 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर बोल्ड करके पाकिस्तान का आठवीं सफलता दिलाई। साकिब 10(11) रन बना सके। उनके आउट होने के दो गेंद बाद रऊफ ने तस्कीन अहमद को भी बोल्ड कर दिया। वो 4 रन बना सके। 18वें ओवर के समाप्त होने पर बांग्लादेश ने 9 विकेट पर 103 रन बना लिए थे। अंतिम 12 गेंद में जीत के लिए 33 रन और बनाने थे। फहीम अशरफ की गेंद पर दो चौके बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने जड़ दिए। 19 ओवर में बांग्लादेश ने 113 रन बना लिए थे। आखिरी ओवर में जीत के लिए 23 रन की दरकार थी। अंतिम ओवर में गेंदबाजी करने आए हारिस रऊफ ने 11 रन दिए और पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचा दिया। पाकिस्तान ने रोमांचक लो स्कोरिंग मुकाबले में 11 रन के अंतर से जीत दर्ज की। रिशाद हुसैन 16 (11) और मुस्तफिजुर रहमान 6 (4) रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 3-3 विकेट शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ ने लिए। 2 विकेट सैम अयूब के और एक मोहम्मद नवाज के खाते में गया।
