Who Won Yesterday IPL Match, PBKS vs RR कल का मैच कौन जीता?: राजस्थान रॉयल्स ने शनिवार को पंजाब किंग्स को उसके घर पर 3 विकेट के अंतर से मात देकर पहले अंक तालिका में पायदान पर मजूबती से कब्जा कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते पंजाब किंग्स ने 8 विकेट पर 147 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए मिले लक्ष्य को 3 विकेट शेष रहते 19.5 ओवर में हासिल कर लिया। जानिए कैसा रहा पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबले का हाल?
राजस्थान रॉयल्स ने जीता टॉस:
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।खराब रही पंजाब की शुरुआत:
शिखर धवन की गैरमौजूदगी में राजस्थान के खिलाफ खलने उतरी पंजाब किंग्स के लिए बल्लेबाजी का आगाज करने अथर्व ताइडे और जॉनी बेयर्स्टो की जोड़ी उतरी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। लेकिन चौथे ओवर की चौथी गेंद पर तायडे को आवेश खान ने कुलदीप सेन के हाथों कैच तकराकर पवेलियन वापस भेज दिया। उन्होंने 15 रन बनाए।पॉवरप्ले में दम नहीं दिखा पाई पंजाब:
पॉवरप्ले में पंजाब किंग्स की टीम 1 विकेट के नुकसान पर महज 38 रन बना सकी। पहला विकेट गंवाने के बाद बेयर्स्टो और प्रभसिमरन सिंह दबाव में आ गए।दबाव में बिखरे प्रभसिमरन और बेयर्स्टो
पॉवरप्ले में हाल बेहाल होने के बाद सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर पंजाब को तीसरा झटका प्रभसिमरन सिंह के रूप में लगा। प्रभसिमरन सिंह 10(14) रन बनाकर आउट हुए। उन्हें चहल ने अपनी फिरकी में फांस लिया। इसके कुछ देर बाद जॉनी बेयर्स्टो 15(19) रन बनाकर केशव महाराज की गेंद पर हेटमायर के हाथों लपके गए। इसके बाद चौथा झटका भी पंजाब को कप्तान सैम कुरेन के रूप में लग गया। कुरेन ने 6(10) रन बनाए।
शशांक का बल्ला रहा शांत
9.3 ओवर में 52 रन पर पंजाब के चार खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे में एक बार फिर शशांक सिह ने जितेश शर्मा के साथ मोर्चा संभाला। पिछले मैचों में धमाल मचाने वाले शशांक का बल्ला भी इस बार नहीं चला। वो 9 गेंद में 9 रन बनाकर कुलदीप सेन की गेंद पर ध्रुव जुरेल के हाथों लपके गए।
70 रन पर पंजाब ने गंवा दिए थे 5 विकेट
70 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद जीतेश शर्मा ने लियाम लिविंगस्टोन के साथ मिलकर स्कोर को 16 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन इसके कुछ देर बाद जितेश आवेश खान की गेंद पर रियान पराग के हाथों लपके गए। उन्होंने 29(24) रन बनाए।
जीतेश ने संभाला मोर्चा, आशुतोष ने फिर रौंदा
जीतेश शर्मा के आउट होने के बाद पंजाब ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आशुतोष शर्मा को बल्लेबाजी के लिए भेजा। आशुतोष ने इस निर्णय को गलत साबित नहीं होने दिया। उन्होंने एक छोर संभाला और लिविंगस्टोन के साथ मिलकर टीम को 122 रन तक पहुंचाया। लेकिन लिविंगस्टोन उनका साथ आगे नहीं दे सके और 21(14) रन बनाकर रन आउट हो गए। अंत में आशुतोष ने 16 गेंद में 31 रन की पारी खेलकर टीम को 8 विकेट पर 147 रन तक पहुंचाया और पारी की आखिरी गेंद पर ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर केशव महाराज के हाथों लपके गए। हरप्रीत बरार 3(3) रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।
जायसवाल-कोटियान ने दी राजस्थान को अर्धशतकीय शुरुआत
जीत के लिए 148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और तनुष कोटियान की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। इसके बाद नौवें ओवर में लियाम लिविंगस्टोन ने कोटियान को बोल्ड करके अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। कोटियान 24(31) रन बनाकर आउट हुए।
जायसवाल ने खेली 39 रन की पारी, सैमसन नहीं मचा पाए धमाल
कोटियान के आउट होने के बाद जायसवाल का साथ देने कप्तान संजू सैमसन जोड़े। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन 82 के स्कोर पर जायसवाल को रबाडा ने हर्षल पटेल के हाथों कैच कराकर राजस्थान को बड़ा झटका दिया। जायसवाल 39(28) रन बनाकर आउट हुए। जायसवाल के आउट होने के थोड़ी देर बाद कप्तान सैमसन भी रबाडा की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। उन्होंने 18(14) रन बनाए। ऐसे में 13.2 ओवर में राजस्थान का स्कोर 3 विकेट पर 89 रन हो गया।
115 रन पर राजस्थान ने गंवा दिए थे 5 विकेट
ऐसे में फॉर्म में चल रहे रेयान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को 15.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। 17वें ओवर की चौथी गेंद पर पराग 23(18) रन की पारी खेलकर अर्शदीप की गेंद पर रबाडा के हाथों लपके गए। इसके बाद हर्षल पटेल ने ध्रुव जुरेल को भी चलता कर दिया। जुरेल ने 6(11) रन बनाए। 115 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद राजस्थान के ऊपर हार का खतरा मंडराने लगा। ऐसे में कैम कुरेन ने 19वें ओवर में दो झटके राजस्थान को दे दिए। उन्होंने पहले रोवमैन पॉवेल(11) और फिर केशव महाराज(1) को पवेलियन वापस भेज दिया। लेकिन एक छोर पर शिमरॉन हेडमायर डटे रहे।
आखिरी ओवर में जीत के लिए चाहिए थे 10 रन
आखिरी ओवर में जीत के लिए राजस्थान को 10 रन बनाने थे। अर्शदीप सिंह ने पहली दो गेंद पर हेडमायर को कोई रन नहीं बनाने दिए। इसके बाद तीसरी गेंद पर शानदार छक्का जड़ दिया। चौथी गेंद पर 2 रन लेकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। पांचवीं गेंद पर हेटमायर के बल्ले से विजयी चौका निकला। हेटमायर 10 गेंद में नाबाद 27 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। उन्हें इस छोटी मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
