क्रिकेट

IPL 2024: आशुतोष शर्मा ने पहले तीन मैच में वो कर दिखाया जो और कोई नहीं कर पाया

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 13, 2024, 10:57 PM IST

पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले युवा बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने अपने आईपीएल में डेब्यू के बाद लगातार तीन मैचों में वो कारनामा कर दिखाया और वो कई खिलाड़ी नहीं कर पाया।

Image

आशुतोष शर्मा

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • राजस्थान के खिलाफ आशुतोष शर्मा ने खेली 16 गेंद में 31 रन की पारी
  • लगातार तीसरे मुकाबले में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे
  • तीसरी बार आठवें पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए जड़े 30+ रन

Ashutosh Sharma: पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले वाले 25 वर्षीय युवा बल्लेबाज आशुतोष शर्मा आईपीएल 2024 में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे हैं। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मुकाबले में 17 गेंद में 31 रन की पारी के साथ आईपीएल करियर का आगाज करने वाले आशुतोष का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा। उन्होंन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 15 गेंद में नाबाद 33 रन की पारी खेली। इसी आतिशी सिलसिले को उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शनिवार को भी जारी रखा और 16 गेंद में 31 रन की पारी खेलकर टीम को 103/6 के स्कोर से 147/8 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

सीजन में बनाए हैं 197.71 के स्ट्राइक रेट से रन

इसके साथ ही आशुतोष शर्मा के नाम आईपीएल इतिहास में पहले तीन मैच में 8वें या उससे निचले पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए 30 या उससे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया। उनसे पहले और कोई खिलाड़ी ऐसा आईपीएल के पहले तीन मैच में नहीं कर सका। आईपीएल 2024 में अबतक खेले तीन मैच में आशुतोष शर्मा ने तीन पारियों में 95 रन 47.50 के औसत और 197.91 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 6 छक्के जड़े हैं।

20 लाख रुपये में हुए थे नीलाम

मध्यप्रदेश और रेलवे के लिए घरेलू क्रिकेट में खेल चुके आशुतोष शर्मा को पंजाब किंग्स ने नीलामी में 20 लाख रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था। लगातार तीन मैच में अपनी आतिशी पारियों के बल पर उन्होंने यह तो साबित कर दिया है कि पंजाब ने गलत दांव नहीं लगाया है।

ऐसा है टी20 रिकॉर्ड

आशुतोष शर्मा ने साल 2018 में मध्यप्रदेश के लिए खेलते हुए विदर्भ के खिलाफ टी20 डेब्यू किया था। अबतक खेले 17 मैच की 16 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए आशुतोष 32.20 के औसत और 197.95 के स्ट्राइक रेट से 483 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक जड़े हैं। 84 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article