क्रिकेट

IPL 2024: युजवेंद्र चहल को था विकेटों के दोहरे शतक का इंतजार, लेकिन नाम हुआ अनचाहा शर्मनाक रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 13, 2024, 11:05 PM IST

युजवेंद्र चहल ने शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल का एक अनचाहा शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। प्रशंसकों को उनके 200 विकेट का इंतजार था लेकिन उनके नाम अनचाहा दोहरा शतक दर्ज हो गया।

Image

युजवेंद्र चहल(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • यूजवेंद्र चहल पंजाब किंग्स के खिलाफ हासिल कर पाए केवल एक विकेट
  • IPL में 200 विकेट पूरे करने से रह गए 2 कदम दूर
  • बने आईपीएल में 200+ छक्के खाने वाले दूसरे गेंदबाज

Yuzvendra Chahal: आईपीएल 2024 के 27वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच पंजाब के नए होम ग्राउंड मुल्लांपुर में भिड़ंत हुई। मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऐसे में सबको राजस्थान के लिए खेलने वाले स्पिनर युजवेंद्र चहल के आईपीएल में 200 विकेट पूरे करने का इंतजार था जो कि पूरा नहीं हुआ।

बने 200 छक्के खाने वाले दूसरे गेंदबाज

पंजाब के खिलाफ चहल 4 ओवर में 31 रन देकर केवल एक विकेट अपने नाम कर सके और आईपीएल में 200 विकेट पूरे करने से 2 कदम दूर रह गए। लेकिन इसी दौरान चहल के नाम एक अनचाहा शर्मनाक दोहरा शतक दर्ज हो गया। चहल आईपीएल इतिहास में 200 या उससे अधिक छक्के खाने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए। शनिवार को पंजाब के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ दो छक्के जड़े।

पीयूष चावला के नाम दर्ज है सबसे ज्यादा छक्के खाने का रिकॉर्ड

आईपीएल में चहल ने कुल 151 मैच खेले हैं जिसमें चहल ने 21.31 के औसत और 7.66 की इकोनॉमी से कुल 198 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी दौरान उनकी गेंदों पर बल्लेबाजों ने 200 छक्के भी जड़े हैं। चहल आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के खाने वाले गेंदबाजों में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। पीयूष चावला आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के खाने के मामले में पहले नंबर पर हैं। उनके खिलाफ आईपीएल में 211 छक्के लगे हैं। चहल पंजाब के खिलाफ मुकाबले से पहले रवींद्र जडेजा की बराबरी पर थे। तीसरे पायदान पर खिसकने वाले रवींद्र जडेजा की गेंदों पर 198 छक्के लगे हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article