क्रिकेट

कप्तान तो तय है, उप-कप्तान के लिए तीन-तीन दावेदार; कौन बनेगा स्मृति मंधाना का डिप्टी?

हरमनप्रीत कौर के इस्तीफा देने के बाद स्मृति मंधाना का तीनों फॉर्मेट में कप्तान बनना तय हो गया है, लेकिन उनके डिप्टी के नाम के लिए तीन-तीन दावेदार हैं। बीसीसीआई की सीनियर महिला चयन समिति बड़ी मुश्किल में है कि दीप्ति, शेफाली और जेमिमा रोड्रिग्स में से किसे भारतीय महिला टीम का उप-कप्तान बनाया जाए।

Image

उप-कप्तान के तीन दावेदार।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट के लिए 6 अक्टूबर का दिन रोज से हटकर रहा। क्योंकि, हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। सोशल मीडिया पर भावुक मैसेज लिखते हुए हरमनप्रीत कौर ने फैंस को इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि एक कप्तान के तौर पर उनकी जिम्मेदारी पूरी हुई, लेकिन वह प्यार के लिए खेलना जारी रखेंगी।

हरमनप्रीत कौर के इस्तीफा देने के बाद स्मृति मंधाना का तीनों फॉर्मेट में कप्तान बनना तय हो गया है, लेकिन उनके डिप्टी के नाम के लिए तीन-तीन दावेदार हैं। बीसीसीआई की सीनियर महिला चयन समिति बड़ी मुश्किल में है कि दीप्ति, शेफाली और जेमिमा रोड्रिग्स में से किसे भारतीय महिला टीम का उप-कप्तान बनाया जाए।

दीप्ति शर्मा सबसे अनुभवी

स्मृति मंधाना सभी फॉर्मेट में कप्तान बनने के लिए तैयार हैं, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दीप्ति शर्मा को उनके अनुभव को देखते हुए जेमिमा और शेफाली से आगे सभी फॉर्मेट के लिए उप-कप्तान बनाया जाता है, या फिर चयनकर्ता उप-कप्तान की भूमिका को बांटते हैं। बीसीसीआई भविष्य की ओर देख रहा है।

ऐसे में शायद दीप्ति शर्मा पीछे ना रह जाएं। उनके पीछे होने की वजह उनकी उम्र हो सकती है, लेकिन अनुभव के मामले में उनका कोई हाथ नहीं पकड़ सकता है। दीप्ति ने भारतीय महिला टीम के लिए 127 वनडे और 157 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने का अनुभव है। इसके अलावा वह महिला प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स की कप्तान भी रह चुकी हैं।

वह बहुत अच्छी ऑलराउंडर हैं और भारत के लिए कई बार मुश्किल हालत में अपना अहम योगदान दिया है। भारत के महिला वनडे वर्ल्ड जीत में दीप्ति ने अहम भूमिका निभाई थी। वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं थी। ऐसे में वह वनडे और टेस्ट टीम की उप-कप्तान बन सकती हैं। दीप्ति की क्रिकेट समझ, दबाव में शांत रहने की क्षमता और खेल की रणनीतिक समझ को उनकी बड़ी ताकत माना जाता है। टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में उनकी जगह लगभग तय रहने से वह टीम के नेतृत्व समूह का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

शेफाली भी हैं लाइन में

युवा शेफाली वर्मा के पास अंडर-19 वर्ल्ड कप में कप्तानी करने का अनुभव है। उनकी कप्तानी में भारतीय अंडर-19 महिला टीम ने खिताब जीता। वह कप्तानी का दबाव झेल चुकी हैं तो वह उप-कप्तान बनने के लिए उपयुक्त कैंडिडेट हैं। अगर टीम अलग-अलग फॉर्मेट में उप-कप्तानी के बारे में सोचती है तो शेफाली टी20 में वह यह जिम्मेदारी संभाल सकती हैं। वह अपनी बल्लेबाजी से कमाल दिखा चुकी हैं। घरेलू क्रिकेट में उनको कप्तानी का अनुभव भी है।

जेमिमा भी हैं दावेदार

तीसरी दावेदार के रूप में जेमिमा रोड्रिग्स का नाम चर्चा में है। दाएं हाथ की ये बल्लेबाज लंबे समय से टीम का हिस्सा हैं और लीडरशिप ग्रुप में शामिल हैं। महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स टीम की कप्तानी का अनुभव भी उनके पास है। ऐसे में वह भी उप-कप्तान की रेस में हैं। जेमिमा रोड्रिग्स के पास घरेलू क्रिकेट में कप्तानी करने का अनुभव है और वह स्मृति मंधाना की बहुत अच्छी दोस्त भी हैं। तो हो सकता है कि दीप्ति और शेफाली को पीछे छोड़ उप-कप्तान बन जाएं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article