क्रिकेट

इंग्लैंड को लगा करारा झटका, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हुए ऑलराउंडर विल जैक्स

इंग्लैंड की टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही पांच मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले के बाद करारा झटका लगा है। धाकड़ ऑलराउंडर सीरीज के बाकी बचे चार मैचों से बाहर हो गए। जानिए क्या है वजह?

Image

विल जैक्स (फोटो क्रेडिट ANI)

मेलबर्न: इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही पांच मैच की टी20 सीरीज के बाकी बचे मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। मेलबर्न में शनिवार को खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले के दौरान जैक्स के हाथ में चोट लगी थी। इसी चोट की वजह से वो टी20 सीरीज के बाकी बचे मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। जैक्स की जगह टीम में फिलहाल किसी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है।

पहले वनडे में मिली थी इंग्लैंड को 3 विकेट से हार

सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 3 विकेट के अंतर से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। पहले टी20 में जैक्स ने बल्लेबाजी में 3 रन बनाए और गेंदबाजी के दौरान 29 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। जीत के लिए मिले 187 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने एक गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली। निखिल चौधरी ने 38 गेंदों में 66 रन की पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में इंग्लैंड की 2-1 से जीत में जैक्स की अहम भूमिका थी। उन्होंने तीन पारियों में 138 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे और उनका सर्वोच्च स्कोर 59 रन रहा था।

इंग्लैंड की सफलता के रहे हैं हीरो

साल 2026 में इंग्लैंड की सीमित ओवरों की क्रिकेट में सफलता में विल जैक्स का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने 15 वनडे मैच की 13 पारियों में 49.66 की औसत और 104.92 के स्ट्राइक रेट से 447 रन बनाए। वनडे फॉर्मेट में उन्होंने चार अर्धशतक जड़े। इसके अलावा उन्होंने 35.33 की औसत से 12 विकेट भी लिए। जिसमें एक बार पारी में 5 विकेट भी शामिल हैं।

वहीं 20 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच में विल जैक्स ने निचले क्रम में खेलते हुए फिनिशर के रूप में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 15 पारियों में 31.77 की औसत और 168 के स्ट्राइक रेट से 286 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। इस दौरान गेंदबाजी में उन्होंने 21.33 के औसत से 21 विकेट अपने नाम किए। 14 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

टी20 वर्ल्ड कप में किया था शानदार प्रदर्शन

साल 2026 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में जैक्स ने शानदार प्रदर्शन किया था। इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने आठ पारियों में 56.50 की औसत और 176.56 के स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए। जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था। साथ ही उन्होंने गेंदबाजी करते हुए 21.66 की औसत से 9 विकेट लिए। टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/22 रहा। टूर्नामेंट में वो चार बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' (POTM) चुने गए।

ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड टी20 सीरीज के बाकी बचे मैचों का कार्यक्रम:

  • दूसरा T20I: 24 नवंबर, करारा
  • तीसरा T20I: 27 नवंबर, ब्रिस्बेन
  • चौथा T20I: 29 नवंबर, सिडनी
  • पांचवां T20I: 2 दिसंबर, कैनबरा
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article