मुल्तान: पाकिस्तान (Pakistan Cricket team) ने इंग्लैंड (England Cricket team) के खिलाफ मुल्तान में चल रहे दूसरे टेस्ट में शानदार शुरूआत की है। लेग स्पिनर अबरार अहमद (Abrar Ahmed) की घातक गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने शनिवार को इंग्लैंड को पहली पारी में केवल 281 रन पर ऑलआउट कर दिया। डेब्यूटेंट अबरार अहमद ने 22 ओवर में एक मेडन सहित 114 रन देकर सात विकेट लिए। अबरार के अलावा जाहिद महमूद (Zahid Mahmood) ने अच्छी गेंदबाजी करके 7.4 ओवर में 63 रन देकर तीन विकेट लिए।
कौन हैं अबरार अहमद?
अबरार अहमद को उनके दोस्त 'हैरी पोटर' बुलाते हैं। लेग स्पिनर को मिस्ट्री स्पिनर भी कहा जाता है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में अबरार अहमद ने अपने इस टैग को बखूबी साबित किया और इंग्लिश बल्लेबाजों को लेग ब्रेक व गूगली से काफी परेशान किया।24 साल के अबरार अहमद को पाकिस्तान सुपर लीग की फ्रेंचाइजी कराची किंग्स ने खोजा था। दो साल पहले ही अबरार अहमद ने फर्स्ट क्लास डेब्यू किया और काएद-ए-आजम ट्रॉफी में सिंध टीम का प्रतिनिधित्व किया। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अबरार अहमद का प्रदर्शन शानदार है। उन्होंने 14 मैचों में 25.56 की औसत से 76 विकेट चटकाए हैं। लेग स्पिनर को 2021 में पाकिस्तान ए में मौका मिला था।
यह पहला मौका था जब अबरार अहमद को सीनियर टीम में मौका मिला। पहले मैच में अबरार अहमद को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन दूसरे मैच में उन्हें अपना साकार करने का मौका मिला। बाबर आजम ने दूसरे टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग 11 में तीन बदलाव किए और अबरार अहमद के साथ मोहम्मद नवाज और फहीम अशरफ को मौका दिया। तीसरे टेस्ट में हैरिस रउफ, नसीम शाह और अजहर अली को बाहर किया गया।
