टी20 की बढ़ती लोकप्रियता ने आईसीसी को टेस्ट क्रिकेट के भविष्य को लेकर सोचने पर मजबूर कर दिया था। इसी का नतीजा है कि आईसीसी टू-टियर सिस्टम पर विचार भी करने लगी है जिसके तहत कमजोर और मजबूत टीम को दो अलग-अलग ग्रुपों में बांटने की योजना है, लेकिन भारत-इंग्लैंड मौजूदा टेस्ट सीरीज में जिस तरह का रोमांच देखने को मिला है, उसने साबित कर दिया है कि क्रिकेट के इस फॉर्मेट का भविष्य एकदम उज्जवल है और इसकी घटती लोकप्रियता की बात करना एकदम बेईमानी है।
हमने पहले भी कई दिग्गज क्रिकेटरों से सुना है कि टेस्ट क्रिकेट ही असली क्रिकेट है। भारत-इंग्लैंड सीरीज में यह देखने को भी मिला जब ऋषभ पंत पैर में फ्रैक्चर के बावजूद बल्ला थामे मैदान में लड़े। इतना ही नहीं आखिरी टेस्ट में तो हद ही हो गई जब एक हाथ स्वेटर के भीतर डालकर ओवल में बैठे क्रिकेट के चाहने वालों ने एक चमत्कार होते देखा। वरना क्रिस वोक्स जैसे उदाहरण बमुश्किल ही नजर आती है, सवाल उठता है कि आखिर यह टेस्ट क्रिकेट है क्या?
इस सवाल का जवाब भारत के उभरते हुए ऑलराउंडर वाशिंगटन ने दिया है। यह वहीं खिलाड़ी हैं जिन्होंने गाबा की ऐतिहासिक जीत पर अपने कुत्ते का नाम 'गाबा' रख दिया था। इस बार उन्होंने अपने सुंदर शब्दों में टेस्ट क्रिकेट की महानता का बखान किया है।
क्या है टेस्ट क्रिकेट?
वाशिंगटन सुंदर ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक तस्वीर शेयर की है और बताया कि टेस्ट क्रिकेट क्या है। उन्होंने लिखा 'टेस्ट सच में जीवन की तरह है। अनिश्चित, चुनौतीपूर्ण, लेकिन अपने नाम के अनुरुप। आप हर दिन खेल के बारे में, खुद के बारे में कुछ नया सीखते हैं। यह आपके सब्र, अनुशासन और अवेयरनेस का टेस्ट लेता है। इस क्रम में आप धीरे-धीरे समझने लगते हैं कि असल में आप हैं कौन? मैं इसका हिस्सा हूं यह मेरे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं।
वाशिंगटन के लिए यादगार सीरीज
यह सीरीज इस खिलाड़ी के लिए यादगार रहेगा, क्योंकि इस सीरीज में न केवल उन्होंने अपने क्रिकेट करियर का पहला शतक जड़ा बल्कि जब-जब टीम को जरुरत पड़ी, वह आगे आए और अपना बेस्ट दिया। एक शतक और अर्धशतक सहित सुंदर ने इस सीरीज में 284 रन बनाए। गेंदबाजी में भी वह अहम साबित हुए और 9 विकेट चटकाए। सुंदर ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है उसने साबित कर दिया है कि जडेजा की जगह लेने के लिए तैयार हैं।
