क्रिकेट

हार्दिक पांड्या ने बताया, वनडे विश्व कप में चोटिल होने के बाद राहुल द्रविड़ ने दिया था उन्हें कौन सा गुरुमंत्र

हार्दिक पांड्या को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 राउंड के मुकाबले में जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। ऐसे में हार्दिक ने बताया कि वनडे विश्व कप के दौरान चोटिल होने के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने उन्हें दिया था वापसी के लिए क्या गुरुमंत्र?

Image

हार्दिक पांड्या

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • हार्दिक पांड्या ने टीम को दिया जीत का श्रेय
  • बांग्लादेश के खिलाफ जीत के बाद हार्दिक बने प्लेयर ऑफ द मैच
  • वनडे विश्व कप 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ हो गए थे चोटिल

नॉर्थ साउंड (एंटिगा): तेजतर्रार अर्धशतक जड़कर भारत को आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के ग्रुप एक मैच में शनिवार को यहां बांग्लादेश पर 50 रन की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने जीत का श्रेय टीम प्रयास को दिया। भारत के 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम कुलदीप (19 रन पर तीन विकेट), जसप्रीत बुमराह (13 रन पर दो विकेट) और अर्शदीप (30 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने आठ विकेट पर 146 रन ही बना सकी।

टीम ने एकजुट होकर किया प्रदर्शन

इससे पहले पांड्या (नाबाद 50 रन, 27 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के तेजतर्रार अर्धशतक के अलावा विराट कोहली (37), ऋषभ पंत (36) और शिवम दुबे (34) की उपयोगी पारियों से भारत ने पांच विकेट पर 196 रन बनाए। पंड्या ने एक विकेट भी हासिल किया। पांड्या ने मैच के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि हम काफी अच्छा क्रिकेट खेले। हमने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और अपनी योजनाओं को अच्छी तरह लागू किया। कुछ परिस्थितियों में सभी को आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेनी होती है।'

इस बात का ध्यान रखकर की गेंदबाजी

पांड्या ने अपनी गेंदबाजी के संदर्भ में कहा,'मुझे अहसास हुआ कि बल्लेबाज हवा का इस्तेमाल करना चाहते थे। मुझे बस यह सुनिश्चित करना था कि मैं उन्हें हवा के बहाव वाली जगह पर शॉट नहीं मारने दूं, यह बल्लेबाज से एक कदम आगे रहने के बारे में था।'हार्दिक ने भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई।

राहुल द्रविड़ ने दिया था ये गुरुमंत्र

वनडे विश्व कप 2023 के दौरान हार्दिक पांड्या बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे। उसके बाद टीम में टी20 विश्व कप के लिए वापसी की और अब मैन ऑफ द मैच बने। इस बारे में हार्दिक ने कहा, मैं हमेशा से भाग्यशाली रहा हूं कि मुझे देश के लिए खेलने का मौका मिला। विश्व कप के दौरान मुझे अजीब सी चोट लगी थी। मैंने वापसी करने की कोशिश की लेकिन भगवान की योजना कुछ और थी। एक दिन मैं राहुल सर से बात कर रहा था तो उन्होंने कहा कि भाग्य उन्ही के पास होता है जो कड़ी मेहनत करते हैं। मैं इसी बात पर टिका हूं और आगे भी कड़ी मेहनत करता रहूंगा।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article