क्रिकेट

क्या न्यूजीलैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका? चेतेश्वर पुजारा ने बताया

चेतेश्वर पुजारा ने बताया है कि बेंच पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड दौरे पर टी20 सीरीज में प्लेइंग-11 में शामिल होने का मौका मिलेगा या नहीं?

Image

चेतेश्वर पुजारा

नई दिल्ली: भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने संजू सैमसन का समर्थन करते हुए कहा कि एक बड़ी पारी इस विकेटकीपर बल्लेबाज को दोबारा लय में ला सकती है। पुजारा का मानना है कि टी20 क्रिकेट में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए निरंतरता के महत्व को बढ़ा-चढ़ाकर आंका जाता है। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू शृंखला के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड के आगामी बहु-प्रारूप दौरे की तैयारी कर रही है। इस दौरे का आगाज पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला से होगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 शृंखला 2-2 से बराबर रही थी।

टी20 क्रिकेट में असफलता मिलना है तय

पुजारा ने जियोहॉटस्टार के कार्यक्रम 'आउट और नॉट आउट' में सैमसन के उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन पर कहा, 'निरंतरता होनी चाहिए, लेकिन टी20 में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के मामले में मुझे लगता है कि इसे जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है। सैमसन कभी भी पूरी तरह फॉर्म से बाहर नहीं होते। टी20 प्रारूप में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है, लेकिन बात सिर्फ एक पारी की होती है। वह एक अच्छी पारी खेलते हैं और फिर लय हासिल कर लेते हैं। ऐसे में आप यह नहीं कह सकते कि कोई खिलाड़ी लय में नहीं है। टी20 क्रिकेट में असफलताएं मिलना तय है। इस प्रारूप में कौन ऐसा है जो आउट नहीं होता?'

न्यूजीलैंड में पड़ेगी ऑलराउंडर्स की जरूरत

पुजारा ने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में सैमसन और किशोर बल्लेबाजी प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी के एक साथ भारतीय एकादश में खेलने की संभावना पर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि वहां टीम को बेहतर संतुलन के लिए अतिरिक्त हरफनमौला खिलाड़ियों की जरूरत पड़ सकती है। उन्होंने कहा,'न्यूजीलैंड में वैभव का हर मैच खेलना थोड़ा मुश्किल लग रहा है, क्योंकि वहां आपको अधिक हरफनमौला खिलाड़ियों की जरूरत होगी। ये स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर या तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हो सकते हैं। वहां खासकर शीर्ष क्रम में बहुत ज्यादा बल्लेबाजों की जरूरत नहीं होगी।'

वैभव को करना पड़ सकता है और इंतजार

पुजारा ने कहा,'संजू सैमसन या वैभव में से कोई एक पारी की शुरुआत कर सकता है। मुझे नहीं लगता कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में दोनों एक साथ अंतिम एकादश का हिस्सा बन पाएंगे। इसलिए वैभव को इंतजार करना पड़ सकता है, लेकिन उन्हें मौके जरूर मिलेंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article