क्रिकेट

रिंकू सिंह ने रणजी ट्रॉफी में जड़ा लगातार दूसरा शतक, गोवा के खिलाफ संभला उत्तर प्रदेश

रिंकू सिंह ने रणजी ट्रॉफी में अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार दूसरा शतक जड़ दिया। गोवा के खिलाफ ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रिंकू ने अपनी टीम को मुश्किल से उबारा।

Image

रिंकू सिंह (फोटो क्रेडिट BCCI X)

कानपुर: रिंकू सिंह ने नाबाद 118 रन की शानदार पारी खेलकर उत्तर प्रदेश को मुश्किल स्थिति से उबारा जिसके बाद गोवा ने रविवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच के पहले दिन स्टंप तक बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन बना लिए हैं। पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने वाले उत्तर प्रदेश ने शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद रिंकू की धैर्यपूर्ण पारी की बदौलत 71 ओवर में 202 रन बनाए। रिंकू ने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। दिन का खेल समाप्त होने तक गोवा ने 12 ओवर में बिना विकेट खोए 43 रन बना लिए थे। विकेटकीपर बल्लेबाज शिवेंद्र भुजबल 39 गेंद में 31 रन जबकि सुयश प्रभुदेसाई 12 रन बनाकर खेल रहे थे। गोवा की टीम उत्तर प्रदेश से 159 रन पीछे है।

खराब रही यूपी की शुरुआत

उत्तर प्रदेश की शुरुआत खराब रही। अभिषेक गोस्वामी (05), आर्यन जुयाल (14) और कप्तान करण शर्मा (00) सस्ते में आउट हो गए जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 33 रन हो गया। माधव कौशिक ने 96 गेंद में 45 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन शुभम तारी ने उन्हें आउट कर दिया। इससे उत्तर प्रदेश का स्कोर चार विकेट पर 90 रन हो गया। इसके बाद रिंकू ने एक छोर संभाले रखा जबकि दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। निचले क्रम के बल्लेबाजों से उन्हें ज्यादा सहयोग नहीं मिला, लेकिन उन्होंने टीम को 200 रन के पार पहुंचाया और नाबाद रहे। गोवा के लेग स्पिनर यश कसवणकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 25 ओवर में 86 रन देकर पांच विकेट लिए। रुत्विक नाइक ने दो विकेट हासिल किए, जबकि तारी और ललित यादव को एक-एक विकेट मिला।

बड़ौदा ने बिहार को 166 रन पर समेटा

वहीं एक अन्य मैच में बिहार को 166 रन पर सिमटने के बाद बड़ौदा ने दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 77 रन बना लिए थे। ग्रुप ए के एक अन्य मुकाबले में पुडुचेरी की टीम 65.2 ओवर में 177 रन पर आउट हो गई। इसके जवाब में मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में दो विकेट पर 23 रन बनाए। मध्य प्रदेश की टीम अभी 154 रन पीछे है और उसे दूसरे दिन अंतर कम करने के लिए बड़ी साझेदारी की जरूरत होगी। गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर की टीम ग्रुप ए के एक अन्य मुकाबले में विदर्भ के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 82.5 ओवर में 260 रन पर सिमट गई। विदर्भ की टीम दूसरे दिन अपनी पहली पारी शुरू करेगी और उसके पास पहली पारी में बढ़त हासिल करने का मौका होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article