Karnal News: करनाल में 17 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे थाना बुटाना, जिला में सूचना प्राप्त हुई कि डिवाइन स्टार ढाबे के पास बस और निजी कार के चालकों के बीच झगड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही थाना बुटाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम को एक बस के शीशे टूटे हुए मिले। घटनास्थल पर सफेद रंग की मारुति बलेनो कार का चालक मोहित तथा उसका साथी सावन, दोनों निवासी जिला करनाल, मौजूद मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पार्किंग को लेकर हुई कहासुनी
थाना बुटाना पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ढाबे की पार्किंग में बस और कार चालकों के बीच पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते कहासुनी विवाद में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान मोहित ने बस के शीशे तोड़ दिए तथा बस में सवार एक यात्री को चोट लग गई। घटना के समय पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई थी। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है, जिसके बाद बस श्रीनगर की ओर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
कार को भी किया गया जब्त
बाद में डिवाइन स्टार होटल/ढाबे के प्रबंधक द्वारा शिकायत दिए जाने पर थाना बुटाना, जिला करनाल में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मारुति बलेनो कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है। करनाल पुलिस द्वारा स्पष्ट किया जाता है कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह घटना बस और कार चालकों के बीच पार्किंग को लेकर हुए अचानक विवाद का परिणाम थी। इस घटना में किसी भी प्रकार का हेट क्राइम अथवा किसी राज्य या क्षेत्र विशेष के लोगों के प्रति नफरत या वैमनस्य से जुड़ा कोई पहलू सामने नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें। करनाल पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
