क्रिकेट

'ओह, मैं विराट कोहली हूंं': पढ़िए कोहली के दिल की बात, असुरक्षा की भावना से लेकर सब कुछ बता डाला

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Mar 16, 2023, 04:06 PM IST

Virat Kohli on the feeling of insecurity and form struggle: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने जब से अहमदाबाद टेस्ट में शतक जड़ा है, तब से उनका मनोबल सातवें आसमान पर है। लय में लौट चुके इस दिग्गज बल्लेबाज ने इस बार कई चीजें खुलकर बोल दी हैं।

Image

विराट कोहली ने बयां की दिल की बात (RCB)

Photo : Twitter

Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के हाथों से जब टीम इंडिया की कप्तानी छीनी गई या जब उन्होंने कप्तानी छोड़ी, तब तमाम तरह के सवाल उठे। विराट कोहली ने इसके बाद आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की कप्तानी भी छोड़ दी। उस दौरान विराट कोहली अपने व्यक्तिगत फॉर्म से भी जूझ रहे थे। इन तमाम मुश्किलों और उथल-पुथल के बीच विराट कोहली ने कुछ भी नहीं बोला, लेकिन अब जब वो सभी प्रारूपों में शतक जड़कर लय में लौट आए हैं तो वो खुलकर अपनी बात सामने रख रहे हैं। एक ताजा इंटरव्यू में उन्होंने ये भी कबूल किया है कि उनमें असुरक्षा की भावना आ गई थी।

विराट कोहली ने WPL 2023 में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की महिला टीम से मुलाकात की, जो एक भी मैच नहीं जीत पा रही थी। कोहली ने उनसे कई बातें कहीं और हौसलाअफजाई का नतीजा ये रहा कि आरसीबी महिला टीम ने अगले ही दिन अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। इस दौरान विराट कोहली ने आरसीबी की कप्तानी छोड़ने की वजह तो बताई लेकिन साथ ही ये भी कहा कि उनमें प्रतिष्ठा को लेकर असुरक्षा की भावना आ गई।

विराट ने कहा, "मैं लंबे समय से खेल रहा हूं ऐसे में मुझे अच्छे प्रदर्शन को लेकर खुद को लगातार याद दिलाने की जरूरत होती हैं। यहां तक की टीम के युवाओं के पास भी नया नजरिया होता है। कई बार मैं दबाव में रहा हूं, मेरे अंदर भी असुरक्षा की भावना रही है। मैंने अपने प्रदर्शन को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ने की कोशिश की है। मैं खुद से कहता था कि ‘ओह, मैं विराट कोहली हूं, मुझे हर मैच में प्रदर्शन करना है। मैं आउट होने का जोखिम नहीं उठा सकता’।"

कोहली ने आगे कहा, "लेकिन युवा खिलाड़ी मेरे पास आकर पूछते थे कि ‘आपने गेंद को हिट क्यों नहीं किया?’ तब मुझे भी लगता था कि ‘वे सही हैं’। मैं मैदान में इसके बारे में सोच ही नहीं पाया क्योंकि मेरे दिमाग में कुछ और बातें चल रही थी। मैं सोचता था कि लोग मेरी बल्लेबाजी को कैसे देख रहे है ऐसे में कई बार अपना नैसर्गिक खेल भूल जाता था।"

आज विराट कोहली वापस अपनी पुरानी लय में नजर आ रहे हैं। हाल में सीमित ओवर क्रिकेट में शतक जड़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम टेस्ट में उन्होंने अपने टेस्ट शतकों का सूखा भी समाप्त कर दिया। अहमदाबाद टेस्ट में विराट ने 186 रनों की शानदार पारी खेलकर ये साबित कर दिया कि अब वो फिर से गेंदबाजों की परीक्षा लेने के लिए तैयार हैं। आगामी भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज में फैंस को उनसे एक बार फिर धमाल की उम्मीद रहेगी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article