स्पोर्ट्स

Asian Games 2026: भारत को मिला एक और मेडल, पुरुष स्क्वाश टीम ने जीता कांस्य

Asian Games 2026:​ भारतीय पुरुष स्क्वाश टीम को सेमीफाइनल में मलेशिया के हाथों हार के बाद ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा है। इस हार के साथ ही भारत का पुरुष टीम खिताब बचाने का सपना टूट गया। भारत ने हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में फाइनल में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीता था।

Image

पुरुष स्क्वाश टीम ने जीता कांस्य (फोटो साभार- Sai Media)

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल के खाते में एक और मेडल जुड़ गया है। भारतीय पुरुष स्क्वाश टीम को सेमीफाइनल में मलेशिया के हाथों हार के बाद ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा है। गुरुवार को नागोया किंजो फुतो एरिना में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में भारत को मलेशिया ने 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही। सिंगल्स में सिल्वर मेडल जीत चुके अभय सिंह को पहले मैच में मलेशिया के स्टार खिलाड़ी एनजी ईआन यो के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। अभय 8-11, 8-11, 8-11 से सिर्फ 27 मिनट में मैच हार गए।

मलेशिया ने 2-1 से दी मात

इससे पहले सिंगल्स के फाइनल में भी ईआन यो ने ही अभय को हराकर गोल्ड जीता था। सेमीफाइनल में 0-1 से पिछड़ने के बाद भारत पर दबाव था, लेकिन दूसरे मैच में युवा खिलाड़ी वीर चोटरानी ने शानदार वापसी दिलाई। वीर ने मलेशिया के संजय जीवा को एकतरफा अंदाज में 11-4, 11-8, 11-5 से हराकर टाई को 1-1 से बराबर कर दिया। वीर का यह प्रदर्शन भारत की उम्मीदों को जिंदा रखने वाला था। टाई का फैसला तीसरे और निर्णायक मैच में हुआ, जहां वेलावन सेंथिलकुमार का सामना अमीशनराज चंद्रन से था। वेलावन ने पहला गेम 12-10 से जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन इसके बाद मलेशियाई खिलाड़ी ने वापसी कर ली। चंद्रन ने दूसरा गेम 11-6 और तीसरा गेम 11-8 से जीता। चौथे गेम में वेलावन ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन चंद्रन ने 11-9 से गेम और मैच अपने नाम कर मलेशिया को 2-1 से जीत दिला दी।

पिछले एशियन गेम्स में जीता था गोल्ड

इस हार के साथ ही भारत का पुरुष टीम खिताब बचाने का सपना टूट गया। भारत ने हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में फाइनल में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। हांगझोउ में भारत ने स्क्वाश में कुल 5 मेडल जीते थे, जिसमें 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज शामिल थे। अभय सिंह के लिए यह दूसरा मेडल है, उन्होंने इससे पहले मेंस सिंगल्स में सिल्वर जीता था। अब फाइनल में मलेशिया का सामना पाकिस्तान से होगा।

नोट- एशियन गेम्स में भारत ने अब तक 10 गोल्ड, 23 सिल्वर और 32 ब्रॉन्ज जीतकर कुल 65 मेडल अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही भारतीय टीम मेडल टैली में 8वें नंबर पर मौजूद है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article