Healthy Morning Routine: मौजूदा समय में लोगों की लाइफस्टाइल में काफी बदलाव आया है। इस बात से तो आप भी शायद अच्छी तरह से वाकिफ होंगे कि बहुत से लोगों की सुबह आंख खुलते ही फोन की स्क्रीन के साथ शुरू होती है। सुबह आंख खुलते ही बहुत सारे लोग बिस्तर पर ही बिना सोचे सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, ईमेल या स्कॉल करने लगते हैं। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि दिन की शुरुआत का यह तरीका हमारी सुबह का पूरा मूड बदल सकता है। अगर आप भी सुबह उठते ही फोन देखने की आदत से जूझ रहे हैं तो इस आदत को बदलते के लिए कुछ आसान तरीके हैं जिन्हें आप लाइफस्टाइल में शामिल कर सकते हैं।
सुबह का पहला घंटा खुद को दें
सुबह का पहला आधा घंटा अपने लिए रखने की कोशिश करें। आंख खुलने के बाद फोन देखने की बजाए कुछ देर बिस्तर से उठकर आराम से बैठें, पानी पिएं और कमरे में थोड़ी रोशनी आने दें। इसके बाद अपने दिन के बारे में सोचें। इससे सुबह की शुरुआत किसी और की पोस्ट या मैसेज से नहीं, बल्कि आपकी अपनी प्राथमिकताओं से होगी।
उठने के बाद सबसे पहले पानी पिएं
सुबह उठते ही पानी पीना एक आसान आदत है। फोन पर समय खराब करने की जगह सबसे पहले एक गिलास पानी पीने से अपनी सुबह की शुरुआत करें। खुद की देखभाल से दिन की शुरुआत करना आपको बेहतर दिन की ओर ले जाता है। पानी पीने के बाद आप अपनी सामान्य सुबह की दिनचर्या जैसे ब्रश करना या थोड़ी देर टहल सकते हैं।
5-10 मिनट शरीर को दें
कल से जिम शुरू करुंगा इस आदत से पार पाने के लिए आप सुबह से इसकी शुरुआत कर सकते हैं। बहुत भारी एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है। सुबह आंख खुलते ही कुछ मिनट स्ट्रेचिंग, हल्की वॉक या सामान्य योगासन से कर सकते हैं। ज्यादा न हो सके तो फिर भी सिर्फ 5-10 मिनट शरीर को सक्रिय करने की कोशिश करें। यह छोटी आदत आपके लिए उपयोगी हो सकती है।
सुबह दिन की प्लानिंग करें
फोन पर घंटों स्क्रॉल करने की बजाए सुबह उठते ही एक कागज पर दिन के 3 जरूरी काम लिख लें। यह तय करें कि आज कौन से तीन काम सबसे पहले पूरे करने हैं। इससे आपका ध्यान दूसरों की जिंदगी देखने के बजाय अपने काम पर केंद्रित रहेगा।
फोन की आदत छोड़ने का आसान तरीका
ध्यान रहे कि अचानक फोन देखने की आदत को पूरी तरह छोड़ना मुश्किल हो सकता है। शुरुआत छोटे लक्ष्य से करें। पहले 15 मिनट फोन न देखने का नियम बनाएं। कुछ दिनों बाद इसे 30 मिनट और फिर एक घंटे तक बढ़ाने पर फोकस करें। आप चाहें तो रात में फोन को बिस्तर से थोड़ा दूर रखकर भी सो सकते हैं। इससे सुबह आंख खुलते ही सीधा आपका ध्यान फोनपर नहीं जाएगा और आप इस आदत से बाहर निकल जाएं इस बात की संभावना भी बढ़ जाएगी।
