क्रिकेट

आप इतने शतक कैसे बनाते हैं, विराट ने खोला अपने 75 शतकों का राज

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Mar 14, 2023, 05:31 PM IST

विराट कोहली ने अहमदाबाद टेस्ट मैच में 186 रन की पारी खेलने के बाद कोच राहुल द्रविड़ से बातचीत की है। इस बातचीत के दौरान उन्होंने कई मजेदार खुलासे किए हैं। इसके अलावा उन्होंने कोच के हर सवाल का जवाब बड़ी ही ईमानदारी से दिया है। कोहली को 28वां शतक लगाने के लिए 42 पारी का इंतजार करना पड़ा।

Image

विराट कोहली और राहुल द्रविड़

Photo : Twitter

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का चौथा मैच भले ही ड्रॉ पर खत्म हुआ हो, लेकिन विराट कोहली की 186 रन की पारी ने इस टेस्ट को हमेशा के लिए यादगार बना दिया। विराट ने इस मैच लगभग 5 सेशन तक बल्लेबाजी की और 364 गेंद में 186 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में केवल 15 चौके जड़े। यह उनके स्वभाव के बिल्कुल विपरित है। शायद यही वजह है कि उन्होंने इस पारी में अपने टेस्ट करियर का दूसरा सबसे स्लो शतक जड़ा। उन्होंने इसके लिए 241 गेंदे ली।

1,205 दिन बाद टेस्ट में शतक

विराट को इस टेस्ट शतक के लिए 1,205 दिनों का लंबा इंतजार करना पड़ा। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 27वां शतक बांग्लादेश के खिलाफ पिंक टेस्ट में नवंबर 2019 में लगाया था। इतना ही नहीं अहमदाबाद में खेली गई उनकी यह पारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी है। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 75वां शतक है।

मैच के बाद कोच से की बातचीत

मैच के बाद इस पारी को लेकर कोच राहुल द्रविड़ ने विराट कोहली से खास बातचीत की। इस बातचीत में उन्होंने कुछ दिल की बात शेयर की है, जिसे सुनकर कोच द्रविड़ को कहना पड़ा कि उन्होंने बड़ी ईमानदार से जवाब दिया।

कोहली ने बातचीत में कहा ‘ बहुत से लोग मुझसे पूछते हैं, ‘ आप इतने शतक कैसे बनाते हैं, मैं हमेशा कहता हूं कि मेरा लक्ष्य टीम के लिए जितना संभव हो उतनी अधिक देर तक बल्लेबाजी करना है और इस लक्ष्य को हासिल करने के दौरान ही शतक बना जाता है।’ कोहली यही नहीं रुके, उन्होंने कहा कि 'वह माइलस्टोन के लिए कभी भी नहीं खेलते हैं और वह हमारे फोकस में कभी नहीं रहता। टीम की जरूरत जैसी होती है, मैं वैसा ही बल्लेबाजी करता है, जिससे मुझे ज्यादा खुशी होती है।'

वनडे सीरीज में एक्शन में दिखेंगे विराट

विराट कोहली जिस फॉर्म में हैं फैंस को उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में बेसब्री से इंतजार रहेगा। 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज 17 मार्च से होने जा रहा है। पहले वनडे में रोहित शर्मा नहीं खेलेंगे, ऐसे में विराट कोहली पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।
समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article