दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के तहत दिल्ली विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘मैं भी यमुना प्रहरी’ ऐप लॉन्च किया। इसके साथ ही ऐप पर नागरिकों के पंजीकरण की शुरुआत भी हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना की सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें दिल्ली के हर नागरिक और खासकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - यहूदियों से नफरत...जिस Flydubai प्लेन को भारतीय पायलट ने बचाया, उसपर हमला करने वाला ओमानी पायलट कौन?
मुख्यमंत्री ने बताया कि 18 अक्टूबर को दिल्ली विश्वविद्यालय के 30 कॉलेजों के हजारों विद्यार्थी एक साथ यमुना की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प लेंगे। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और दिल्लीवासियों से ऐप पर पंजीकरण कर अभियान से जुड़ने की अपील की।
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की संस्कृति और विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यमुना की सफाई के लिए 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है। नदी में गिरने वाले 22 बड़े नालों के मुहानों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जबकि 12 स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों के साथ नागरिकों की आदतों में बदलाव भी जरूरी है। पूजा सामग्री, फूल-मालाएं, खंडित मूर्तियां और अन्य सामग्री यमुना में प्रवाहित करने से नदी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अभियान का संदेश कॉलेज, परिवार और समाज तक पहुंचाएं और ‘मैं भी यमुना प्रहरी’ ऐप के जरिए जनभागीदारी को मजबूत करें।
