क्रिकेट

न्यूजीलैंड पर चढ़ा 'विराट फीवर', ऑकलैंड पहुंचते ही एयरपोर्ट पर उमड़े 'किंग' के फैंस- देखिए VIDEO

Virat Kohli Grand Welcome In Auckland: विराट कोहली आगामी वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड पहुंच चुके हैं। जैसे ही किंग कोहली ऑकलैंड पहुंचे, उनके स्वागत और एक झलक के लिए फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा। यहां देखिए वीडियो।

Image

विराट कोहली न्यूजीलैंड पहुंचे (X/Mufaddal Vohra)

Virat Kohli Reaches New Zealand For ODI Series: भारतीय वनडे टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए ऑकलैंड पहुंच गए हैं। विराट को लेकर फैंस के बीच दीवानगी पूरी दुनिया में है और इसका एक नमूना ऑकलैंड में भी देखने को मिल गया। जैसे ही विराट कोहली एयरपोर्ट से बाहर निकले, फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। इस मशहूर क्रिकेटर को देखकर फैंस बेकाबू हो गए और उनसे ऑटोग्राफ और सेल्फी लेने की कोशिश करने लगे। भारी भीड़ के बीच कोहली के एयरपोर्ट से बाहर निकलने के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

विराट कोहली कुछ ही दिन बाद (5 नवंबर) अपना 38वां जन्मदिन मनाने वाले हैं। फैंस भला ये कैसे भूलते, एयरपोर्ट पर कुछ फैंस 'हैप्पी बर्थडे' के बैनर भी लेकर आए थे, ताकि वे इस खास दिन के लिए क्रिकेटर को पहले से ही बधाई दे सकें। यहां देखिए एयरपोर्ट से बाहर आते हुए विराट कोहली का वीडियो..

विराट कोहली को आखिरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में खेलते देखा गया था। इस सीरीज में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा था। उन्होंने पहले मैच में शतक लगाया, लेकिन अगले दो मैचों में वो 29 रन और शून्य पर आउट हो गए थे। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद, मई 2025 में कोहली ने वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। तब से लेकर अब तक, उन्होंने 15 वनडे मैचों में 77.33 की औसत से 928 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं।

न्यूजीलैंड का ये दौरा टीम इंडिया के दो सीनियर बल्लेबाजों विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए अहम है। ये भारतीय दिग्गज दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भारतीय प्रबंधन ने इन अनुभवी खिलाड़ियों को लेकर अपना रुख साफ रखा है और कहा है कि उनका चयन उनके फॉर्म और फिटनेस पर निर्भर करेगा। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने से टीम में उनके चुने जाने की संभावना बढ़ जाएंगी, क्योंकि न्यूजीलैंड की पिचें आमूमन दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों से मेल खाती हैं।

पहले तीन वनडे के लिए भारतीय वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विराट कोहली, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़ और रुतुराज गायकवाड़।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article