अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई (Azmatullah Omarzai) ने खुद को दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक के रूप में स्थापित करना जारी रखा है। गुरुवार को शारजाह के मशहूर शारजाह क्रिकेट ग्राउंड में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज (AFG vs ZIM T20I Series) के पहले मुकाबले में, उन्होंने अपने करियर का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। उनकी यह पारी एक नए विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज हुई।
जब अजमतुल्लाह उमरजई बल्लेबाजी करने आए, तो अफगानिस्तान की टीम 4 विकेट पर 5 रन बनाकर बेहद मुश्किल स्थिति में थी। लेकिन उन्होंने 50 गेंदों में 116 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 232 रहा। उन्होंने सिर्फ 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और उनकी मदद से एशियाई टीम ने बोर्ड पर 221 रन बनाए।
उमरजई ने रचा नया इतिहास
अजमतुल्लाह उमरजई इतिहास के ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट खेलने वाले देश की ओर से किसी T20I मैच में छठे या उससे नीचे के नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सैम बिलिंग्स के नाम था, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ बैसेटेरे के वार्नर पार्क में इंग्लैंड के लिए 87 रन बनाए थे। कुल मिलाकर, उमरज़ई T20I में छठे या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाले पांचवें खिलाड़ी हैं, लेकिन बाकी चार खिलाड़ियों का संबंध एसोसिएट देशों से है।
महान पोलार्ड का छक्कों का रिकॉर्ड टूटा
अब अजमतुल्लाह उमरज़ई आईसीसी पूर्ण-सदस्य (ICC Full Member) देश की टीम से ऐसे पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने T20I में छठे या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 10 (या उससे अधिक) छक्के लगाए हैं। यह रिकॉर्ड पहले वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर कीरोन पोलार्ड के नाम था, जिसकी बराबरी बाद में दक्षिण अफ्रीका के युवा खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स और श्रीलंका के दासुन शनाका ने की थी।
