नई दिल्ली। यूपी वॉरियर्ज ने बुधवार को कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है। फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर बल्लेबाज एलिसा हीली पर भरोसा जताया है। अब उनकी कप्तानी में यूपी वॉरियर्ज की टीम डब्ल्यूपीएल में दम दिखाने उतरेगी। टीम में एलिसा हीली के अलावा भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा भी शामिल हैं। हीली यूपी वॉरियर्ज के छह विदेशी खिलाड़ियों में शामिल हैं।
हीली के नाम है ये खिताब
32 साल की बल्लेबाज एलिसा हीली के नाम कई रिकॉर्ड है। इसमें पांच टी20 वर्ल्ड कप के अलावा एक वनडे वर्ल्ड कप का खिताब उनके नाम है। 2010 में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू करने वाली हीली के पास टी20 के अलावा वनडे और टेस्ट मुकाबले खेलने का अच्छा खास अनुभव है। हीली 139 टी20 मुकाबले में 2446 रन बना चुकी हैं। इसमें एक शतक और 14 अर्धशतक शामिल है। इसी तरह 94 वनडे में भी उनके नाम 2639 रन हैं। इसमें पांच शतक और 15 अर्धशतक शामिल है। टेस्ट की बात करें तो उन्होंने सिर्फ छह मुकाबले खेले हैं। इसमें उन्होंने एक अर्धशतकीय पारी की मदद से 236 रन बनाए हैं।
