स्पोर्ट्स

राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप: फाइनल में पहुंचीं भारत की पुरुष और महिला टीम, इन टीमों के साथ होगी खिताबी भिड़ंत

भारतीय पुरुष और महिला टीम ने शुक्रवार को यहां अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज करके पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

Image

राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप (फोटो क्रेडिट @sanghaviharsh X)

अहमदाबाद: भारतीय पुरुष और महिला टीम ने शुक्रवार को यहां अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज करके पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। खिताबी मुकाबले में पुरुष टीम का सामना श्रीलंका से, जबकि महिला टीम की भिड़ंत युगांडा से होगी। भारतीय पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 56-27 से करारी शिकस्त दी, जबकि महिला टीम ने श्रीलंका को 39-14 से हराया। पुरुष वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने कीनिया को 28-24 से मात दी। वहीं, महिला वर्ग में युगांडा ने आखिरी मिनट तक चले कड़े मुकाबले में कीनिया को 23-21 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

भारत ने बनाए रखा बांग्लादेश के खिलाफ दबदबा

भारतीय पुरुष टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और पहले पांच मिनट के भीतर ही विरोधी टीम को पहली बार ’ऑल-आउट’ कर दिया। रेडिंग में नवीन कुमार और नीरज नरवाल ने अगुवाई की, जबकि दीपक एस. और शुभम शिंदे ने डिफेंस की जिम्मेदारी संभाली।भारतीय टीम ने पहले हाफ के समाप्त होने से आठ मिनट पहले बांग्लादेश को दूसरी बार ऑल-आउट करके मध्यांतर तक 28-8 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। मध्यांतर के बाद भी मेजबान टीम का दबदबा कायम रहा और मैच में 10 मिनट शेष रहते भारत ने अपनी बढ़त 38-16 कर ली।

श्रीलंका ने दी कीनिया को पटखनी

भरत हुड्डा ने बांग्लादेश की डिफेंस को लगातार छकाया और मुकाबला समाप्त होने से चार मिनट पहले विरोधी टीम को एक बार फिर ऑल-आउट करने में मदद की। इससे भारत की बढ़त 49-20 हो गई। इसके बाद टीम ने 56-27 से बड़ी जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने कीनिया को 28-24 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यांतर तक 24-7 की बढ़त बना ली और अंततः श्रीलंका को 39-14 से हरा दिया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article