Team India Jersey: भारत और जिम्बाब्वे के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहले मैच में वर्ल्ड चैंपियन को 13 रन से हार का सामना करना पड़ा। जीत के लिए टीम इंडिया को 116 रन बनाने थे, लेकिन गिल के 31 रन की पारी के बावजूद टीम इंडिया 19.5 ओवर में 102 रन बनाकर ढेर हो गई। इस तरह जिम्बाब्वे ने 13 रन से मुकाबला जीतकर 5 मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। जिम्बाब्वे में हार के साथ-साथ टीम इंडिया एक और कारण से सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है। दरअसल टीम इंडिया की जर्सी को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं।
2024 टी20 विश्व कप जीतने के ठीक एक हफ्ते बाद जब टीम इंडिया ने मैदान में वापसी की तो गिल एंड कंपनी के खिलाड़ी जो जर्सी पहनकर उतरी थी तो उस जर्सी के सीने पर एक स्टार लगा हुआ था, जबकि हाल ही में रोहित शर्मा की कप्तानी में मेन इन ब्लू ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की थी।
एक स्टार के साथ उतरी टीम इंडिया
जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया की जर्सी पर सिर्फ़ एक स्टार थी, जबकि उसने दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है। टी20 जर्सी पर दो स्टार न होने का सीधा कारण भारत की दूसरी टी20 वर्ल्ड कप जीत की टाइमिंग है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने 30 जून की देर रात अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीता, और तब तक जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया की जर्सी तैयार हो चुकी थी।
इसके अलावा, विश्वकप जीतने वाली टीम के भारत पहुंचने के बाद भारत ने दो सितारों वाली अपनी नई जर्सी का अनावरण किया, लेकिन जिम्बाब्वे जाने वाले खिलाड़ी टी20 विश्वकप जीतने वाली टीम के सदस्यों के भारत लौटने से पहले ही जिम्बाब्वे के लिए रवाना हो चुकी थी।
श्रीलंका के खिलाफ दिखेगी दो स्टार वाली जर्सी
टीम इंडिया जिम्बाब्वे के बाद श्रीलंका दौरा करेगी। इस दौरे पर टीम 3 वनडे और 3 टी20 मैच की सीरीज खेलेगी। यह दौरा 27 जुलाई से शुरू होकर 7 अगस्त तक चलेगा। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में टीम इंडिया की जर्सी पर दो सितारे नजर आएंगे।
