नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को एशियाई पैरा खेल 2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं और कहा कि देश को अपने प्रतिभाशाली पैरा खिलाड़ियों पर बेहद गर्व है। एशियाई पैरा खेल 2026 रविवार को जापान के आइची-नागोया में शुरू हुए। ये खेल 24 अक्टूबर तक चलेंगे। भारत ने इन खेलों में 168 खिलाड़ियों का दल उतारा है।
पैरा खिलाड़ियों पर है बेहद गर्व
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,'एशियाई पैरा खेल 2026 के आइची-नागोया में शुरू होने के साथ ही भारतीय दल को मेरी शुभकामनाएं। भारत को अपने शानदार पैरा खिलाड़ियों पर बेहद गर्व है।' प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों का दृढ़ संकल्प, समर्पण और अटूट जज्बा 140 करोड़ भारतीयों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा,'वे पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मुख्य कोच ने भरी हुंकार, पैरा एशियाई खेलों में कितने पदक जीतने का है लक्ष्य
पिछली बार भारतीय दल ने जीते थे 111 पदक
भारतीय दल ने आइची नागोया एशियाई पैरा खेलों में 100 से ज्यादा पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। साल 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में भारत का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा था। भारतीय दल ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 111 पदक जीते थे। इसमें 29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य पदक शामिल थे। पदक तालिका में भारतीय दल पांचवें स्थान पर रहा था। एशियाई पैरा खेलों में भारत ने पहली बार 100 पदक के आंकड़े को पार किया था। उसी प्रदर्शन को तीन साल बाद भारत आइच-नागोया में दोहराना चाहता है। भारतीय दल की ओर से इस बार पदक के दावेदार भालाफेंक स्पर्धा में सुमित अंतिल, निशानेबाजी में अवनि लखेरा, तीरंदाजी में शीतल देवी और हरविंदर सिंह, बैडमिंटन में प्रमोद भगत और सुहास यतिराज होंगे।
(भाषा)
