Tiger Shroff Firing: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई। राहत की बात यह रही कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। गोलीबारी के दौरान उनके ड्राइवर के घायल होने की जानकारी सामने आई है। जुहू इलाके के पुष्पा पार्क के पास हुई इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली। अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई नामक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट में टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली गई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ को फोन किया और उनसे बात की। उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा, "हम सब आपके साथ हैं। हम जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर उन्हें पकड़ लेंगे।"
हमले पर आया जैकी श्रॉफ का बयान
जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास गोलीबारी की घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक यह घटना पश्चिमी उपनगर के जुहू थाना क्षेत्र में हुई है और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि इस गोलीबारी में अभिनेता टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिनेता और उनके एक दोस्त पर गोली चलाई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भी एक अज्ञात शख्स अभिनेता की कार पर फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए विशेष टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। वहीं टाइगर श्रॉफ के पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ ने पुष्टि की है कि उनका बेटा पूरी तरह सुरक्षित है।x
CM फडणवीस और डिप्टी सीएम ने क्या बोला
इस घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को फोन किया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया कि वे मामले की त्वरित जांच करें और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। वहीं राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे कहा कि मुंबई मे कोई भी गैंगवार बर्दाशत नही करेंगे। उन्होंने कहा कि हमलावरों को हम बख्शेंगे नहीं। डिप्टी सीएम ने कहा कि लारेंस के बाप का राज है क्या? यह महाराष्ट्र है, हम इसको छोडेंगे नही। इसके आगे उन्होंने कहा कि किसी भी सेलिब्रेटिरी को डरने की जरूरत नहीं है। मामले पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "यह बहुत ही दुखद घटना है। मुझे पूरा विश्वास है कि पुलिस जरूरी कार्रवाई करेगी और आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।"
NCP ने जताई चिंता
इस हमले को लेकर NCP-SP नेता सीमा मलिक ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि निशाने पर बार-बार अभिनेता ही क्यों आ रहे हैं। सीमा मलिक ने कहा, "हमने पहले भी ऐसी घटनाएं देखी हैं। सलमान खान या सैफ अली खान के साथ जो हुआ, उसे ही देख लीजिए। फिर बाबा सिद्दीकी का मामला है, एक बहुत बड़े नेता की दिन-दहाड़े, सबके सामने और भीड़-भाड़ वाली जगह पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वाकई चौंकाने वाला है।"
उन्होंने कहा इसके अलावा भी कई घटनाएं हुई हैं, जैसे रोहित शेट्टी के घर पर हमला। ये सब बहुत चिंताजनक है। अगर इस तरह की घटनाएं खुलेआम हो सकती हैं, और वो भी हाई-प्रोफाइल लोगों या VIPs के साथ, तो यह मुंबई में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।"
जांच के लिए 15 टीमों का गठन
फायरिंग मामले में जांच तेज हो गई है। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है। मुंबई पुलिस के मुताबिक मामले की जांच के लिए कुल 15 टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस फायरिंग में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर फिरदौस है, जिसके बाएं हाथ में गोली लगी है।फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना को लेकर कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मुंबई की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वर्षा गायकवाड़ ने कहा, "यह एक बार फिर मुंबई में बिगड़ती सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हमने पहले भी सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी देखी है, दुखद रूप से बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, और रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी फायरिंग हुई थी।"
उन्होंने कहा, "अगर यहां राजनेताओं और अभिनेताओं जैसे प्रमुख लोग भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी के लिए क्या उम्मीद है? यह हमें इस तथ्य पर वापस लाता है कि मुख्यमंत्री के पास बहुत सारे विभाग हैं और उन पर काम का अत्यधिक बोझ है। महाराष्ट्र को एक समर्पित, स्वतंत्र गृह मंत्री की जरूरत है, कोई ऐसा जो वास्तव में सक्षम और मजबूत हो।" वर्षा गायकवाड़ ने आगे कहा, "मैं दोहराती हूं, पुलिस को उनकी स्वतंत्रता दीजिए, उन्हें अपना कर्तव्य निभाने दीजिए और गृह विभाग द्वारा उन पर डाले जा रहे राजनीतिक दबाव को खत्म कीजिए।"
