रायपुर: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए शुक्रवार को रायपुर में जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में धमाकेदार डेब्यू करने वाले निकी प्रसाद ने दूसरे टी20 मुकाबले में इतिहास रच दिया। पहले टी20 में नाबाद 39 रन की पारी खेलकर भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली निकी प्रसाद ने रविवार को अपनी गेंदबाजी से धमाल मचाते हुए इतिहास रच दिया।
करियर की पहली दो गेंद पर विकेट लेने वाली पहली भारतीय
जिंबाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में निकी प्रसाद के हाथों में कप्तान स्मृति मंधाना ने गेंद थमाई। महज दूसरा मैच खेल रहीं निकी ने कप्तान के भरोसे पर खरी उतरीं और अपनी पहली ही गेंद पर चिपाओ मुगेरी-तिरिपानो को कैच कराकर चलता कर दिया। इसके बाद उन्होंने अगली गेंद पर न्याशा ग्वानजुरा को एलबीडब्लू कर दिया। लगातार दो गेंद पर दो विकेट चटकाकर निकी ने अपने नाम एक अनोखा भारतीय रिकॉर्ड कर लिया। वह करियर की पहली दो गेंद पर दो विकेट चटकाने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बन गईं।
आगरकर और विराट के क्लब में हुई एंट्री
निकी अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर की पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाली चौथी भारतीय गेंदबाज हैं। सबसे पहले ये कारनामा अजीत आगरकर ने किया था। उन्होंने साल 2006 में अपनी पहली गेंद पर दक्षिण अफ्रीका के हर्षल गिब्स का शिकार किया था। इसके बाद इस सूची में पुरुष टीम के मौजूदा मुख्य चयनकर्ता प्रज्ञान ओझा का नाम जुड़ा था। प्रज्ञान ने ट्रेंट ब्रिज में साल 2009 में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन का शिकार अपने करियर की पहली गेंद में किया था। अप्रत्याशित रूप से इस सूची में जुड़ने वाला तीसरा नाम विराट कोहली का है। विराट ने साल 2011 में इंग्लैंड के केविन पीटरसन को टी20आई में पहली बार गेंदबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर चलता कर दिया था। अब इस सूची में चौथा नाम निकी प्रसाद का जुड़ गया है लेकिन उन्होंने लगातार दो गेंद पर दो विकेट चटकाकर अपनी उपलब्धि में चार चांद लगा लिए हैं।
पहली गेंद पर विकेट लेने वाली पहली एशियाई महिला क्रिकेटर
विमेंस क्रिकेट में बात करें तो पूरी दुनिया में ये कारनामा करने वाली निकी चौथी क्रिकेटर हैं। उनसे पहले दक्षिण अफ्रीका की क्लियो ट्रायोन, अमेरिका की अक्षता राव और सुहानी टंडानी ये कारनामा कर चुकी हैं। निकी करियर की पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाली पहली एशियाई महिला क्रिकेटर बनी हैं।
