बॉलीवुड

Tiger Shroff पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, कपड़ों के आधार पर हिरासत में लिया गया एक शख्स

  • Authored by: अभय
  • Updated Oct 18, 2026, 09:38 PM IST

Tiger Shroff Firing Case: एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस अभी जांच में जुटी हुई है।

Image

एक्टर टाइगर श्रॉफ के केस में एक आदमी को हिरासत में लिया गया है। (Image Source: Filmfare)

Tiger Shroff Firing Case: एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई है। अज्ञात हमलावरों की तलाश में शहर के कई इलाकों में नाकाबंदी करने के निर्देश दिए गए हैं। मुंबई के सभी पुलिस थानों को हाई अलर्ट पर रहने का संदेश जारी किया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने पांच से अधिक टीमें बनाई हैं। मुंबई पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच भी जांच में जुटी है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ जब अपनी कार से एक ग्राउंड से निकल रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर तीन से चार राउंड फायरिंग की गई। उस समय एक्टर को देखने के लिए वहां बड़ी संख्या में लोग जमा थे। पुलिस के अनुसार, भीड़ के बीच से उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। हालांकि, इस घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई और वो पूरी तरह सुरक्षित हैं। अब इस मामले में एक अपडेट आया है। एक आदमी को हिरासत में लिया गया है।

कपड़ों के आधार पर एक व्यक्ति हिरासत में

मुंबई पुलिस ने मामले की जांच के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसे उसके कपड़ों के आधार पर हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति का गोलीबारी की घटना से क्या संबंध है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान करने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। शहर में नाकाबंदी के साथ संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस आयुक्त से की बात

टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त से फोन पर बात की। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पुलिस आयुक्त को तत्काल जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा

इस बीच, सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट सामने आई है। हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता और गोलीबारी से इसके संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, हमलावरों की पहचान, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की भूमिका और सोशल मीडिया पर सामने आए दावे की सत्यता को लेकर आधिकारिक जांच के नतीजों का इंतजार है।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article