एक बार फिर से एलिस पेरी ने ऑस्ट्रेलिया की डूबती नैया को बचा लिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में पेरी ने अपनी टीम को जीत दिला दी। पहला मुकाबला सिडनी में खेला गया जहां ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैच की टी20 सीरीज का आगाज जीत के साथ किया। ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 163 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने एलिस पेरी की अर्धशतकीय पारी के दम पर 8 विकेट खोकर 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। पेरी ने 30 गेंद में 9 चौके की मदद से 52 रन की पारी खेली। 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को एक अच्छी शुरुआत की दरकार थी, लेकिन बिना कोई रन बनाए, उसने अपना पहला विकेट गंवा दिया। जॉर्जिया वॉल बिना रन बनाए आउट हो गई। लेकिन पेरी और मूनी ने न्यूजीलैंड को इसका फायदा उठाने नहीं दिया।
पेरी के अलावा विकेटकीपर बेथ मूनी ने 38 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेच के लिए 86 रन की साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया की जीत पर मुहर लगा दी। इन दोनों के अलावा एश्ले गार्डनर ने 23 और कप्तान सोफी मॉलिन्यू ने 5 गेंद में 11 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से जेस केर ने सर्वाधिक 3 जबकि ब्री इलिंग ने एक विकेट चटकाया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मॉलिन्यू ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जॉर्जिया प्लीमर ने 85 रन की पारी खेली। उन्होंने 68 गेंद में 10 चौके और एक छक्के के दम पर ये पारी खेली। प्लीमर के अलावा मैडी ग्रीन ने 56 रन की पारी खेली। इन दोनों की अर्धशतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने 2 विकेट के नुकसान 162 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गार्थ एनाबेल सदरलैंड ने 1-1 विकेट झटके। सीरीज का दूसरा मुकाबला 20 अक्टूबर, मंगलवार को सिडनी में खेला जाएगा।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- खास क्लब में शामिल हुए बाबर आजम, तोड़ दिया इंजमाम उल हक और यूनुस खान का रिकॉर्ड
