Bollywood Stars Firing Case: मुंबई में एक बार फिर बॉलीवुड की एक हस्ती पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। 18 अक्टूबर को एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग में बाल-बाल बच गए। उन पर तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, हालांकि इस घटना में उन्हें कोई चोट नहीं आई। लेकिन ये पहली बार नहीं है, जब किसी बॉलीवुड हस्ती को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई हो। इससे पहले भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े नाम ऐसी घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। इनमें एक्टर सलमान खान (Salman Khan), फिल्ममेकर रोहित शेट्टी (Rohit Shetty), राकेश रोशन (Rakesh Roshan) और टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार (Gulshan Kumar) जैसे नाम शामिल हैं। आइए जानते हैं कि पिछले कुछ दशकों में बॉलीवुड की हस्तियों से जुड़ी गोलीबारी की प्रमुख घटनाएं कब और कहां हुईं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें:Tiger Shroff पर मुंबई में फायरिंग, बाइक सवार तीन बदमाशों ने किया हमला; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से फिर चर्चा में आई बॉलीवुड की सुरक्षा
18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में एक्टर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। इस घटना में एक्टर सुरक्षित बच गए। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें:‘Salman Khan के साथ काम करेगा तो अगला नंबर...’, गोलीबारी में बाल-बाल बचे Tiger Shroff को मिली धमकी
रोहित शेट्टी के घर के बाहर चली थीं गोलियां
इस साल फरवरी में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग हुई थी। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। रोहित शेट्टी बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशकों में शामिल हैं और कई बड़ी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
सलमान खान के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
अप्रैल 2024 में अभिनेता सलमान खान के मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर बाइक सवार दो लोगों ने पांच राउंड गोलियां चलाई थीं। इस मामले में मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पांच आरोपियों विक्की गुप्ता, सागर पाल, हरपाल सिंह, सोनुकुमार बिश्नोई और मोहम्मद रफीक चौधरी के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई चल रही है। वहीं, छठे आरोपी अनुज कुमार थापन की मई 2024 में पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी।
राकेश रोशन पर हुआ था जानलेवा हमला
जनवरी 2000 में फिल्ममेकर राकेश रोशन पर मुंबई के सांताक्रूज इलाके में जानलेवा हमला हुआ था। यह घटना उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कहो ना... प्यार है' (Kaho Naa... Pyaar Hai) की रिलीज के करीब एक सप्ताह बाद हुई थी। हमलावरों ने उन पर कई गोलियां चलाई थीं। इस दौरान एक गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली उनके सीने को छूकर निकल गई थी। इस हमले में वह घायल हो गए थे।
गुलशन कुमार की गोली मारकर कर दी गई थी हत्या
अगस्त 1997 में टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार की मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित जीतेश्वर महादेव मंदिर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर 16 गोलियां चलाई थीं। गुलशन कुमार की हत्या बॉलीवुड से जुड़ी सबसे चर्चित आपराधिक घटनाओं में गिनी जाती है।
कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर तीन बार हुई फायरिंग
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में स्थित रेस्टोरेंट 'कप्स कैफे' (Kap's Café) को भी गोलीबारी की घटनाओं में निशाना बनाया गया था। पिछले साल जुलाई से अक्टूबर के बीच इस कैफे पर तीन अलग-अलग मौकों पर फायरिंग हुई थी।
