Tiger Shroff Firing Case: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में रविवार की शाम गोलीबारी हुई। बाइक सवार बदमाशों ने टाइगर श्रॉफ पर तीन राउंड गोलीबारी की। घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की गई। हालांकि, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।
जुहू इलाके के पुष्पा पार्क के पास हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली। अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई नामक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया, जिसने टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली।
कौन है अनिल पंडित?
इस मामले में अनिल पंडित नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई नामक अकाउंट से टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली गई है। सूत्रों से मुताबिक, अनिल पंडिता हरियाणा का रहने वाला है और फिलहाल अमेरिका में है। उसे लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताया जाता है, जिसने पहले भी कई हमलों की जिम्मेदारी ली है।
बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
अनिल पंडित ने फेसबुक पोस्ट में टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा, ''हमले की जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते है। इसको हमने (टाइगर श्रॉफ) कॉल करके समझाया था, पर इसको समझ नहीं आया, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह से समझा दिया।'' अनित पंडित ने आगे कहा कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा। अगला नंबर उसका होगा। वेट एंड वॉच। हालांकि, पुलिस ने अभी तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Tiger Shroff पर मुंबई में फायरिंग, बाइक सवार तीन बदमाशों ने किया हमला; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
टाइगर के ड्राइवर को लगी गोली
बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस को गोली लगी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर के बाएं हाथ में गोली लगी। हालांकि, ड्राइवर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के तत्काल बाद पुलिस एक्टिव हो गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थानक्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, ''गोलीबारी की घटना में श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।'' सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति अभिनेता की कार पर गोलीबारी करता दिखाई दे रहा है।
(अनुज मिश्रा की रिपोर्ट के साथ)
