क्रिकेट

IND vs ENG 5th Test: टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच ने बताया, ओवल के ग्रीन टॉप विकेट पर क्यों नहीं दिया जसप्रीत बुमराह को खेलने का मौका?

भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रियान टेन डोइशे ने ओवल में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बताया है कि जसप्रीत बुमराह को ग्रीन टॉप विकेट मिलने के बावजूद क्यों रखा गया प्लेइंग-11 से बाहर?

Image

जसप्रीत बुमराह (फोटो क्रेडिट AP)

लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच की एकादश में भारतीय टीम ने कई बड़े बदलाव किए। प्रशंसकों को यह जानकर हैरानी हुई है ओवल के ग्रीन टॉप विकेट पर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया है। उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाज बारिश से प्रभावित पहले दिन संघर्ष करते दिखे। पहले दिन भारतीय टीम 64 ओवर में 6 विकेट पर 204 रन बना सकी। करुण नायर भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे जो नाबाद 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

बुमराह की फिटनेस और वर्कलोड की दी गई वरीयता

ऐसे में पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कॉन्फेंस में शिरकत करने गए असिस्टेंट कोच रियान टेन डोइशे ने टीम प्रबंधन के इस जटिल निर्णय का बचाव किया।जब ओवल की विकेट अंतिम रूप में सामने आई, तब साफ हो गया था कि बुमराह की मौजूदगी से मैच का रुख बदल सकता था। डोइशे ने कहा,'बुमराह का मामला काफी जटिल है। हम बेशक उन्हें खिलाना चाहते थे, लेकिन उनकी शारीरिक स्थिति का भी सम्मान करना जरूरी है। इसी आधार पर हमने महसूस किया कि उन्हें टीम में रखना सही नहीं होगा।' कोच ने बताया कि टीम मैनेजमेंट ने ओवल टेस्ट के लिए योजना खास तौर पर बुमराह को ध्यान में रखकर बनाई थी, लेकिन अंतिम वक्त में उनकी फिटनेस और वर्कलोड को प्राथमिकता दी गई।

लगातार टेस्ट नहीं खेलने की दी गई है बुमराह को सलाह

इंग्लैंड दौरे से पहले ही मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने भी स्पष्ट रूप से कहा था कि बुमराह को लगातार टेस्ट न खेलने की मेडिकल सलाह दी गई है और वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत ही उनकी उपलब्धता तय होगी। बुमराह इस साल जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में पीठ में पड़ चुके स्ट्रेस रिएक्शन के बाद सिर्फ तीन टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया था। वो हेडिंग्ले में खेले, एजबेस्टन में उन्हें आराम दिया गया। इसके बाद लॉर्ड्स और फिर मैनचेस्टर खेले गए टेस्ट में उन्होंने शिरकत की।

तीन टेस्ट खेले, लेकिन की सबसे ज्यादा गेंदबाजी

रियान टेन डोइशे ने आगे कहा, 'उन्होंने इस सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा 119.3 ओवर डाले हैं, जबकि मोहम्मद सिराज 107.3 ओवर के साथ दूसरे पायदान पर हैं। बुमराह भारत के इस दौरे पर 14 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज भी है। दौरे से पहले ही बता दिया गया था कि वे तीन मैच खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे और कौन से तीन मैच, यह फैसला मैनेजमेंट पर छोड़ा था। हमने परिस्थितियों के अनुसार फैसला किया। बुमराह की वापसी या विश्राम का निर्णय पूरी तरह वर्कलोड मैनेजमेंट, मेडिकल टीम और प्रबंधन के सामूहिक विचार-विमर्श के बाद ही लिया गया, ताकि उनकी फिटनेस भविष्य के लिए भी बनी रहे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article