ओमान: डिफेंडिंग चैंपियन पाकिस्तान ने गुरुवार को ओमान के अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड में बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। बांग्लादेश ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 138 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके के बाद जीत के लिए मिले 139 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 21.5 ओवर में हासिल कर लिया। अब फाइनल में पाकिस्तान की भिड़ंत अफगानिस्तान और भारत के बीच खेले जा रहे दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगी।
उस्मान खान और हयाम खान ने पक्की की पाकिस्तान की जीत
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। उस्मान खान और हयाम खान ने टीम को शानदार शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े और एक बेहतरीन ओपनिंग साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को 100 रनों के पार पहुंचाया। हयाम 72 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं, उस्मान 54 गेंदों में 64 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत तक पहुंचाया। उनकी पारी में सात चौके और दो छक्के शामिल थे। अब्दुल कादिर 8 रन बनाकर नाबाद रहे, और इस तरह डिफेंडिंग चैंपियन ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
138 रन पर सिमटी बांग्लादेश की टीम
इससे पहले पाकिस्तान के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने बांग्लादेश की टीम 31.4 ओवर में 138 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश के ओपनर अब्दुल्ला अल मुही ने संघर्षपूर्ण अर्धशतक जरूर लगाया लेकिन टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में नाकाम रहे। अब्दुल्ला ने 45 गेंदों में 50 रन की पारी खेली इसमें चार चौके और दो छक्क शामिल थे। उनके अलावा रकीबुल हुसैन ने 39 गेंदों में 26 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल थे। वहीं, अल रफी ने 22 गेंदों में 20 रन की पारी खेली, इन तीन के अलावा बांग्लादेश का और कोई बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सका। बांग्लादेश के कप्तान फरीद हसन ने 17 रन बनाए, जबकि एसके जरीफ सियाम, अहसान अल मोमिन और शेख अतीकुर रहमान केवल 1-1 रन ही बना सके। रोबिउल हसन अनिक और रुबाय इस्लाम रिज़ोन बिना खाता खोले (डक पर) आउट हो गए।
रिजवानुल्लाह ने चटकाए पांच विकेट
पाकिस्तान के लिए रिजवानुल्लाह ने गेंदबाजी की कमान संभाली। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा पांच विकेट चटकाए। उन्होंने8 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद सय्याम ने एक विकेट लिया, जबकि अली रजा, हसनैन अब्बास डार और अहमद हुसैन ने एक-एक विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी को समेट दिया।
