स्पोर्ट्स

Chennai Open: वैष्णवी अडकर और रुतुजा भोसले ने रचा इतिहास, बनीं WTA टूर फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय जोड़ी

वैष्णवी अडकर और रुतुजा भोसले की भारतीय जोड़ी ने चेन्नई ओपन के महिला युगल फाइनल में प्रवेश करके इतिहास रच दिया है।

Image

वैष्णवी अडकर और रितुजा भोसले (फोटो क्रेडिट @asian_tennis X)

चेन्नई: भारत की वैष्णवी अडकर और रुतुजा भोसले ने डब्ल्यूटीए टूर स्तर के किसी टूर्नामेंट के युगल फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनकर इतिहास रच दिया। उन्होंने शनिवार को चेन्नई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के रोमांचक सेमीफाइनल में पोलैंड की वेरोनिका फाल्कोव्स्का और अमेरिका की अलाना स्मिथ की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-2 2-6 10-8 से हराया। भारतीय जोड़ी पहला सेट आसानी से जीतने के बाद दूसरे सेट में लड़खड़ा गई लेकिन उन्होंने निर्णायक सुपर टाई-ब्रेक में संयम बनाए रखा और जीत हासिल की।

भारतीय महिला टेनिस के लिए बड़ी उपलब्धि

यह उपलब्धि भारतीय महिला टेनिस के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले किसी भी ऐसी जोड़ी ने डब्ल्यूटीए टूर स्तर के फाइनल में जगह नहीं बनाई थी जिसमें दोनों खिलाड़ी भारत की हो। शिखा ओबरॉय और उनकी बहन नेहा 2005 के सनफीस्ट ओपन और ग्वांगझू ओपन के फाइनल में पहुंची थीं, लेकिन नेहा ने अमेरिका का प्रतिनिधित्व किया था। इस तरह से वह भारत और अमेरिका की जोड़ी बन गई थी। पूर्व भारतीय खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने अपने शानदार करियर के दौरान 43 युगल खिताब जीते, लेकिन इन जीत में उन्होंने कभी भी किसी भारतीय खिलाड़ी के साथ जोड़ी नहीं बनाई। अंकिता रैना और करमन थंडी ने 2018 में डब्ल्यूटीए 125 युगल खिताब जीता, जो मुख्य टूर से एक स्तर नीचे है। इसके अलावा प्रार्थना थोम्बारे ने नीदरलैंड की अपनी साथी एरियन हार्टोनो के साथ तीन डब्ल्यूटीए 125 फाइनल में जगह बनाई।

नईमा करामोको और सिमोना वाल्टर के साथ होगा खिताबी मुकाबला

अडकर और भोसले का सामना स्विट्जरलैंड की नईमा करामोको और सिमोना वाल्टर के साथ होगा। स्विस जोड़ी ने नीदरलैंड की इसाबेल हावरलाग और हंगरी की पन्ना उडवार्डी को 6-4, 6-4 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। इस बीच शीर्ष वरीयता प्राप्त और गत चैंपियन जेनिस तिएन ने एकल सेमीफाइनल में अमेरिका की रॉबिन मोंटगोमरी को 6-3, 6-4 से हराया। अन्य सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त पोलैंड की माग्दा लिनेट ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए रूस की सातवीं वरीयता प्राप्त अनास्तासिया जखारोवा को 2-6, 6-2, 6-3 से शिकस्त दी।

पहला सेट जीतने के बाद गंवाई लय, अंतिम सेट में दिखाई बाजीगरी

पहले सेट में अडकर और भोसले पूरी तरह से नियंत्रण में दिखीं और अपने प्रतिद्वंद्वियों की गलतियों का फायदा उठाते हुए 4-1 की शानदार बढ़त हासिल कर ली। तीसरे गेम में भारतीयों ने पहली सफलता हासिल की जब अडकर ने स्मिथ की दूसरी सर्व पर जोरदार रिटर्न शॉट लगाया जिसे फाल्कोव्स्का वापस नहीं भेज पाई। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने यह सेट आसानी से अपने नाम किया। हालांकि दूसरे सेट में खेल का रुख बदल गया। भारतीय जोड़ी ने तीसरे और पांचवें गेम में स्मिथ और फाल्कोव्स्का की सर्विस तोड़ने के मौके गंवा दिए। इससे उनकी प्रतिद्वंद्वी जोड़ी को यह सेट जीतकर मैच को निर्णायक सुपर टाई ब्रेक तक पहुंचाने में मदद मिली। निर्णायक सुपर टाई-ब्रेक में फाल्कोव्स्का और स्मिथ ने 3-0 की बढ़त बना ली, लेकिन भारतीय जोड़ी ने अच्छी वापसी की। इसके बाद फिर से भारतीय जोड़ी 6-8 से पिछड़ गई लेकिन उन्होंने लगातार चार अंक बनाकर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित की।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article