स्पोर्ट्स

'चक दे इंडिया' वाले भारतीय महिला हॉकी टीम के पूर्व कोच गुरदयाल सिंह भंगू का निधन

भारतीय महिला हॉकी टीम को राष्ट्रमंडल खेल 2002 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले कोच गुरदयाल सिंह भंगू का कनाडा के सरे में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे।

Image

गुरदयाल सिंह भंगू (फोटो क्रेडिट Hocky India)

नई दिल्ली: राष्ट्रमंडल खेल 2002 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच रहे गुरदयाल सिंह भंगू का कनाडा के सरे में निधन हो गया है। वह 86 साल के थे। हॉकी इंडिया ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा,'भारतीय हॉकी में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं।'

भारतीय महिला हॉकी टीम को दिलाई यादगार जीत

भंगू का नाम भारतीय महिला हॉकी के इतिहास की सबसे यादगार जीतों में से एक के साथ हमेशा के लिए जुड़ा रहेगा। भारत ने उनके मार्गदर्शन में मैनचेस्टर में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को 3-2 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों का खिताब जीता। इस जीत ने देश के खेल जगत पर अमिट छाप छोड़ी।

इस रोमांचक मुकाबले का फैसला ममता खरब के अतिरिक्त समय में किए गए गोल ने किया। यह जीत बाद में खेल जगत में एक चर्चित घटना बन गई और 2007 में रिलीज हुई शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'चक दे इंडिया' की कहानी का आधार बनी।

पाकिस्तान के लायलपुर में हुआ था जन्म

लायलपुर (अब पाकिस्तान के फैसलाबाद) में जन्मे भंगू अंबाला में पले-बढ़े और विश्वविद्यालय स्तर पर हॉकी खेली। बाद में उन्होंने पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान में कोचिंग का प्रशिक्षण लिया, जहां उन्हें हॉकी के महान खिलाड़ी ध्यान चंद और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बालकिशन सिंह से सीखने का अवसर मिला।

नाइजीरिया की हॉकी टीम के भी रहे कोच

भारतीय महिला टीम का कोच बनने से पहले वह 1972 से 1976 के बीच नाइजीरिया की महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच भी रहे थे। उन्होंने 1998 में भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था। भारतीय हॉकी में उनके योगदान के लिए उन्हें 2000 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article