क्रिकेट

India Pakistan Match Controversy: आईसीसी पीसीबी बैठक के बाद भी भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर सस्पेंस जारी, पीएम शाहबाज शरीफ करेंगे अंतिम फैसला

आईसीसी और पीसीबी के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में चली पांच घंटे की मैराथन बैठक के बाद भी भारत पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में खेले जाने वाले मुकाबले पर सस्पेंस जारी है। जानिए बैठक में क्या हुआ और कब आएगा अंतिम फैसला?

Image

लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में बैठक के दौरान पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी, बीसीबी प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम और ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा।(फोटो क्रेडिट PCB X)

लाहौर: भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के बॉयकॉट के मसले पर आईसीसी और पीसीबी के बीच रविवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में चली पांच घंटे की मैराथन बैठक के बाद भी भारत पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में खेले जाने वाले मुकाबले पर सस्पेंस जारी है। हालांकि बैठक के बाद आशा जताई जा रही है अगले 24 घंटे में इस मामले पर अंतिम फैसला आ सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुखिया मोहसिन नक़वी और आईसीसी के डिप्टी चेयरैमन इमरान ख्वाजा के बीच भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करने के मसले पर लंबी चर्चा हुई। बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी मौजूद थे।

मोहसिन नकवी ने मांगा आईसीसी से और वक्त

टाइम्स नाउ संवाददाता के मुताबिक, आईसीसी के दल ने पीसीबी को भारत के खिलाफ मैच को बॉयकॉट के बाद के व्यापक परिणाम की जानकारी पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी को दे दी है। नकवी ने प्रधानमंत्री से सलाह करने के लिए और समय मांगा है। आईसीसी के साथ बैठक से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच अलग मीटिंग हुई थी।

अगले 24 घंटे में तस्वीर होगी साफ

पाकिस्तानी समाचार चैनल जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मसले पर फैसला अगले 24 घंटे में आ जाएगा। सूत्रों के मुताबिक आईसीसी ने बांग्लादेश की मांगों पर सकारात्मक जवाब दिया है साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की शिकायतों को दूर करने के लिए एक फॉर्मूला तैयार किया गया है। आईसीसी और बीसीबी दोनों के बीच प्रस्तावों का आदान-प्रदान हुआ, इस दौरान पीसीबी मध्यस्थ की भूमिका निभाई।

फार्मूले सहमति के बाद आज होगी बैठक

रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी उपाध्यक्ष ख्वाजा प्रस्ताव पर अंतिम मंज़ूरी के लिए दुबई स्थित आईसीसी मुख्यालय लौट गए, वहीं बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम अपनी सरकार को बैठक की जानकारी देने के लिए ढाका वापस गए हैं। बैठक में तैयार किए गए फॉर्मूले पर सहमति बन जाने के बाद आईसीसी और बीसीबी के अधिकारी सोमवार दोपहर अगले कदम पर अंतिम निर्णय के लिए एक बार फिर फिर मिलेंगे।

प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ करेंगे अंतिम फैसला

वहीं पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी की अगले दो दिन में प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाकात की संभावना है,जिससे कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले के बॉयकॉट के मसले पर अंतिम निर्णय के लिए सरकार की सलाह ली जा सके। सूत्रों ने मुताबिक भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर आखिरी फैसला प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ही लेंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article