क्रिकेट

SA vs AUS Day-4 Stump: जीत से 6 विकेट दूर ऑस्ट्रेलिया, चौथा दिन भी रहा कमिंस एंड कंपनी के नाम

डरबन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली। चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने स्टंप तक साउथ अफ्रीका के 4 विकेट गिरा दिए हैं। आखिरी दिन अफ्रीका को 319 रन बनाने की दरकार है जो मेजबान टीम के लिए आसान बिल्कुल नहीं होगा।

Image

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया (साभार-x)

SA vs AUS Day-4 Stump: डरबन में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। चौथे दिन के स्टंप होने तक साउथ अफ्रीका ने 102 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए हैं। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 6 विकेट की दरकार है, जबकि साउथ अफ्रीका को अब भी 319 रन बनाने हैं और उसके 6 विकेट सुरक्षित हैं। एडेन मार्करम 115 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि नाइटवॉचमैन के तौर पर वियान मुल्डर 5 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों 5वें विकेट के लिए 50 गेंद में 16 रन की साझेादारी कर चुके हैं।

चौथा दिन भी रहा ऑस्ट्रेलिया के नाम

पहले दो सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने तेज बल्लेबाजी की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैडिनसन ने 48 रनों की तेज पारी खेलकर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दी। लाबुशेन और स्मिथ ने अच्छी शुरुआत की लेकिन वे उसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। हालांकि, मैट रेनशॉ ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला। पहली पारी में 190 रन बनाने वाले रेनशॉ ने 82 रन की शानदार पारी खेली। रेनशॉ के अलावा एलेक्स कैरी, ब्यू वेबस्टर और पैट कमिंस ने छोटी-छोटी पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत मेहमान टीम ने चायकाल के ठीक पहले 6 विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने 421 रन का लक्ष्य रखा।

साउथ अफ्रीका की खराब शुरुआत

421 रन का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हेजलवुड ने रियान रिकेल्टन को आउट कर 7 रन के स्कोर पर साउथ अफ्रीका को पहला झटका दिया। दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम और डेविड बेडिंघम ने 66 रनों की साझेदारी की लेकिन बेडिंघम 46 रन की पारी खेलकर आउट हो गए।

आखिरी घंटे में साउथ अफ्रीका ने तेंबा बावुमा (1) और ट्रिस्टन स्टब्स (1) का विकेट गंवा दिया। साउथ अफ्रीका ने 5 रन के भीतर दो विकेट गंवा दिए। साउथ अफ्रीका के लिए एकमात्र अच्छी बात यह है कि मार्करम अब भी 45 रन बनाकर डंटे हुए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article