दुनिया

इल्हान उमर पर एक्शन, डेमोक्रेट सांसद के घर पर तड़के इमिग्रेशन अधिकारियों ने मारा छापा, ट्रंप बोले-मुझसे कोई लेना-देना नहीं

न्याय विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) ने अदालत से मंजूर सर्च वारंट पर कार्रवाई की। यह वारंट न्याय विभाग ने हासिल किया था और कार्रवाई एक जारी संघीय जांच का हिस्सा है। SI अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) की इकाई है।

Image

मिनोसेटा से डेमोक्रेट सांसद हैं इल्हान उमर।

Photo : AP

Ilhan Omar : अमेरिकी राजनीति में सोमवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। संघीय अधिकारियों ने वाशिंगटन डीसी में डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर के घर पर तड़के छापा मारा। मिनेसोटा से प्रतिनिधि सभा की सदस्य उमर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुखर आलोचक हैं। ट्रंप कई बार उन पर निजी हमले भी कर चुके हैं। इस छापेमारी पर ट्रंप ने कहा कि 'मैंने हमेशा व्यक्तिगत तौर पर उन्हें पूरी तरह भ्रष्ट पाया है, लेकिन इसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है। इसमें मेरी कोई भूमिका नहीं है।'

न्याय विभाग ने क्या कहा

न्याय विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) ने अदालत से मंजूर सर्च वारंट पर कार्रवाई की। यह वारंट न्याय विभाग ने हासिल किया था और कार्रवाई एक जारी संघीय जांच का हिस्सा है। HSI अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) की इकाई है। विभाग ने जांच के ब्योरे नहीं दिए।

किस बारे में है जांच

जांच से परिचित एक व्यक्ति ने बताया कि मामला कथित आव्रजन धोखाधड़ी से जुड़ा है। जांच का एक हिस्सा सोमालिया में जन्मी इस सांसद के आव्रजन दस्तावेजों से संबंधित है, जो बचपन में उनके दिवंगत पिता ने भरे थे। ये आरोप अभी सिर्फ जांच के स्तर पर हैं और किसी अदालत में साबित नहीं हुए हैं।

उमर और डेमोक्रेट्स का पलटवार

उमर ने सोशल मीडिया पर कहा कि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल राष्ट्रपति के राजनीतिक विरोधी को निशाना बनाने के लिए हो रहा है। उनके मुताबिक़ ट्रंप दस साल से उन्हें झूठे आरोपों और बदनाम करने वाले अभियानों का निशाना बना रहे हैं, और यह राजनीतिक डराने-धमकाने की ताजा कड़ी है। उन्होंने कहा कि वे चुप नहीं होंगी। कई अन्य डेमोक्रेटिक नेताओं ने भी ट्रंप प्रशासन पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

प्रशासन के संकेत पहले से थे

सीमा मामलों के प्रभारी टॉम होमन ने फॉक्स बिजनेस से कहा कि जांच का नेतृत्व न्याय विभाग कर रहा है और गृह सुरक्षा विभाग उसमें सहयोग कर रहा है। उन्होंने चल रही आपराधिक जांच के ब्योरों पर बोलने से इनकार किया। गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने पिछले महीने ही एक पॉडकास्ट में कहा था कि उमर के परिवार के अमेरिका में प्रवेश की जांच में 'कुछ होने वाला है'। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर साबित हुआ कि कोई गलत तरीके से आया है, तो उसे निर्वासित किया जाएगा।

चुनावी टाइमिंग पर सवाल

यह कार्रवाई 3 नवंबर के मध्यावधि चुनाव से तीन हफ्ते से कुछ ज्यादा पहले हुई है। इन चुनावों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस पर नियंत्रण बनाए रखना चाहती है। 44 वर्षीय उमर प्रगतिशील खेमे की प्रमुख चेहरा हैं और पांचवें दो-वर्षीय कार्यकाल के लिए मैदान में हैं। उनकी सीट डेमोक्रेट्स का मज़बूत गढ़ है, जहां उन्होंने 2024 में 50 प्रतिशत अंकों के अंतर से जीत हासिल की थी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article