क्रिकेट

PCB की शिकायत के बाद सुनवाई के लिए पहुंचे कप्तान सूर्यकुमार यादव, ICC ने दी ये सलाह

Suryakumar Yadav ICC Review Meet: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को बृहस्पतिवार को आईसीसी मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की एक आधिकारिक सुनवाई के दौरान किसी भी तरह के राजनीतिक बयान देने से परहेज करने की सलाह दी है।पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय कप्तान की शिकायत की थी।

Image

सूर्यकुमार यादव (फोटो- AP)

Suryakumar Yadav ICC Review Meet: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने बृहस्पतिवार को हुई एक आधिकारिक सुनवाई के दौरान राजनीतिक बयान देने से परहेज करने की सलाह दी। यह कार्रवाई पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई।

पीसीबी ने क्यों की शिकायत?

पीसीबी ने आरोप लगाया कि 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने भारत की जीत को मई में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम देने वाले भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीसीबी ने इस घटना को राजनीतिक स्वरूप का करार दिया और सात दिन की निर्धारित समयसीमा में शिकायत दर्ज की।

आईसीसी की सुनवाई में क्या हुआ?

टूर्नामेंट से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि सूर्यकुमार सुनवाई में शामिल हुए और उनके साथ बीसीसीआई के सीओओ और क्रिकेट संचालन प्रबंधक भी मौजूद थे। रेफरी रिचर्डसन ने उन्हें समझाया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, जिसे राजनीतिक प्रकृति का माना जा सके।

सजा के तौर पर यह मामला लेवल-1 अपराध के तहत आता है। ऐसे में सूर्यकुमार को या तो चेतावनी दी जा सकती है या फिर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माने के रूप में काटा जा सकता है।

भारत ने भी की आधिकारिक शिकायत

सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि भारत ने भी आईसीसी के पास आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत पाकिस्तान के हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के खिलाफ है। आरोप है कि दोनों खिलाड़ियों ने एशिया कप सुपर-4 मैच के दौरान भड़काऊ इशारे किए।

बीसीसीआई ने बुधवार को इन दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और आईसीसी को औपचारिक ईमेल भेजा। अब आईसीसी इस मामले में सुनवाई करेगा क्योंकि दोनों खिलाड़ियों ने आरोपों का लिखित रूप से खंडन किया है। उन्हें भी मैच रेफरी रिचर्डसन के सामने पेश होना पड़ सकता है।

‘एक्स’ पर बढ़ा विवाद, नकवी ने किया वीडियो शेयर

इस विवाद को और तूल दिया एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो का एक स्लो मोशन वीडियो शेयर किया। वीडियो में रोनाल्डो हाथ के इशारे से बता रहे थे कि किस तरह उनका फ्री-किक गेंद नीचे जाकर गोल में दाखिल हुआ।नकवी ने संकेत दिया कि रोनाल्डो का इशारा उसी तरह का था जैसा रऊफ ने मैदान पर भारत के खिलाफ मैच के दौरान किया था, जिसे भारत ने भड़काऊ करार दिया है।

नकवी की भूमिका पर उठ रहे सवाल

गौरतलब है कि नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन होने के साथ-साथ अपने देश के गृह मंत्री भी हैं और वे अक्सर भारत के खिलाफ उत्तेजक बयान देते रहे हैं। अब सवाल उठ रहा है कि एशिया कप के फाइनल में पहुंची भारतीय टीम क्या मंच साझा करेगी जहां नकवी मौजूद होंगे।

बीसीसीआई और आईसीसी की नजर

इस पूरे मामले पर बीसीसीआई और आईसीसी के अधिकारी कड़ी नजर बनाए हुए हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि नकवी के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई होगी या नहीं। आने वाला समय तय करेगा कि इस विवाद का क्या निष्कर्ष निकलता है और क्या दोनों देशों के खिलाड़ियों व अधिकारियों के बीच तनाव और बढ़ेगा या नहीं।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article