CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली का सियासी पारा हाई हो गया है। आम आदमी पार्टी ने 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद केंद्र सरकार पर देश में ‘काला आपातकाल’ लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। शनिवार को जंतर-मंतर पर कॉजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को मुद्दा बनाया गया है। हालांकि, प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली पुलिस ने एहतियातन बड़े पैमाने पर सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।
'सरकार ने लगाया काला आपातकाल'
आम आदमी पार्टी के विधायक गोपाल राय ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने सिर्फ एक व्यक्ति को बचाने के लिए पूरी दिल्ली को छावनी में बदल दिया है। उन्होंने कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के बजाय केंद्र सरकार ने देश में काला आपातकाल लगा दिया है। आज कुमार को बचाने के लिए आपने दिल्ली को छावनी में बदल दिया है। लेकिन याद रखिए, आप चाहे जितनी भी ताकत लगा लें, इस आंदोलन को दबाया नहीं जा सकेगा।” राय ने आरोप लगाया कि सरकार ने एक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए मेट्रो स्टेशन बंद करवा दिए और ट्रेनें तक रद्द कर दीं।
सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
वहीं ‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रदर्शनकारी सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती से डर का माहौल बनाया जा रहा है। भारद्वाज ने वीडियो संदेश में कहा, “आप ताकत के दम पर ‘जेन-जी’ को चुप नहीं करा सकते। ये हमारे युवा हैं। इनसे बात कीजिए और इन्हें साथ लेकर चलिए। भाजपा सरकार दिखाना चाहती है कि हम डरे हुए हैं। हम डरे हुए नहीं हैं। हम अहिंसा और भारत के संविधान में विश्वास करते हैं।”
केजरीवाल ने प्रोटेस्ट में शामिल होने का किया था ऐलान
गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार शाम 6 बजे तक 45 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का फैसला किया है। इससे पहले शुक्रवार को ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया था कि वह अपने परिवार के साथ सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल होंगे। उन्होंने युवाओं से भी बड़ी संख्या में इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।
