एजुकेशन

IIT Bombay Exams 2026: आज से शुरू होंगी मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं, छात्रों और TAs के लिए सख्त नियम लागू

IIT Bombay Mid-Semester Exams 2026: आईआईटी बॉम्बे में स्थगित मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा के दौरान छात्रों और टीचिंग असिस्टेंट्स (TAs) के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

Image

आईआईटी बॉम्बे की मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं आज से

IIT Bombay Mid-Semester Exams 2026: आईआईटी बॉम्बे में स्थगित मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा के दौरान छात्रों और टीचिंग असिस्टेंट्स (TAs) के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संस्थान ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश, प्रतिबंधित सामान और नकल से जुड़े मामलों को लेकर नई व्यवस्थाएं लागू की हैं। सितंबर में एक छात्र की मौत के बाद परिसर में हुए विरोध-प्रदर्शनों और परीक्षा नियमों की समीक्षा के बीच ये परीक्षाएं फिर से शुरू हो रही हैं।

परीक्षा में निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले टीचिंग असिस्टेंट्स को भी निर्धारित समय से 30 मिनट पहले पहुंचना होगा। उन्हें अपना मूल पहचान पत्र साथ रखना होगा। मोबाइल फोन, बैग और अन्य प्रतिबंधित सामान परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के दौरान छात्रों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जाएगा। एक समय में केवल एक छात्र को बायो-ब्रेक के लिए बाहर जाने की अनुमति होगी।

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए क्या हैं नियम?

छात्रों को अपने साथ मूल पहचान पत्र और जरूरी स्टेशनरी ही ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, लैपटॉप, ईयरफोन, हेडफोन, किताबें, नोट्स और बैग परीक्षा भवन के अंदर ले जाने पर रोक रहेगी। ओपन-बुक परीक्षा के मामले में केवल अधिकृत अध्ययन सामग्री की अनुमति होगी। छात्रों की प्रतिबंधित सामग्री के लिए जांच भी की जा सकती है। संस्थान के निर्देशों के मुताबिक, छात्रों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। उन्हें पेपर शुरू होने से कम से कम 10 मिनट पहले अपनी निर्धारित सीट पर बैठना होगा। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।

छात्र की मौत के बाद बदले हालात

आईआईटी बॉम्बे में मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं पहले 26 और 27 सितंबर को होनी थीं, लेकिन दूसरे वर्ष के बीटेक छात्र साहिल वाकोड़े की 18 सितंबर को हुई मौत के बाद इन्हें स्थगित कर दिया गया था। परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जुड़ी घटना के बाद परिसर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था।

इसके बाद परीक्षा प्रक्रिया, अनुशासनात्मक कार्रवाई और छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। संस्थान के सीनेट ने अकादमिक कदाचार से संबंधित नियमों पर भी विचार किया। रिपोर्टों के मुताबिक, स्थगित परीक्षाओं के लिए संस्थान ने जुलाई 2026 के कड़े नियमों के बजाय 2015 के नियमों पर वापसी की है। हालांकि, परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित सामान और प्रवेश से जुड़े निर्देश सख्ती से लागू रहेंगे।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article