क्रिकेट

'वो भी आ रहा है'; सूर्यकुमार यादव को पूरा है विश्‍वास, जल्‍द ही मिलेगा यहां का बुलावा

  • Authored by: अभिषेक निगम
  • Updated Nov 21, 2022, 12:52 PM IST

Suryakumar Yadav confident about test call up: भारत के स्‍टार बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव ने न्‍यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में नाबाद 111 रन बनाए। मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उन्‍हें जल्‍द ही टेस्‍ट डेब्‍यू करने का भी विश्‍वास है। सूर्यकुमार यादव ने अब तक 54 अंतरराष्‍ट्रीय मैचों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्‍व किया है।

Image

सूर्यकुमार यादव

KEY HIGHLIGHTS
  • सूर्यकुमार यादव ने न्‍यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में नाबाद 111 रन बनाए
  • सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उन्‍हें जल्‍द ही टेस्‍ट डेब्‍यू का विश्‍वास है
  • सूर्यकुमार यादव ने भारत के लिए कुल 54 अंतरराष्‍ट्रीय मैच खेले हैं

माउंट मॉनगनुई: भारत (India Cricket team) के स्‍टार बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को टेस्‍ट टीम में जगह मिलने का विश्‍वास है। 32 साल के सूर्यकुमार यादव को पिछले साल इंग्‍लैंड दौरे पर विकल्‍प के रूप में बुलाया गया था, लेकिन उन्‍हें राष्‍ट्रीय जर्सी पहनने का मौका नहीं मिला था। भारत के लिए 13 वनडे और 41 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर सूर्यकुमार यादव अपनी छाप छोड़ चुके हैं। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने रविवार को न्‍यूजीलैंड (New Zealand Cricket team) के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 51 गेंदों में 11 चौके और सात छक्‍के की मदद से नाबाद 111 रन बनाए।

सूर्यकुमार यादव की पारी की मदद से भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 191 रन बनाए और 65 रन से मैच जीता। एक के बाद एक शानदार पारी खेलने वाले सूर्यकुमार यादव ने टेस्‍ट डेब्‍यू पर अपनी नजरें गढ़ा रखी हैं। सूर्या ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'आर रहा है (टेस्‍ट चयन), वो भी आ रहा है।' यादव ने कहा कि फर्स्‍ट क्‍लास क्रिकेट खेलने के बाद वो लाल गेंद प्रारूप में कोई एलियन की भूमिका नहीं अदा कर सकेंगे।

नए मिस्‍टर 360 डिग्री नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव ने कहा, 'जब हमने क्रिकेट खेलना शुरू किया तो लाल गेंद से शुरूआत की और मैंने मुंबई टीम के लिए भी फर्स्‍ट क्‍लास क्रिकेट खेला। तो ठीक है। मुझे टेस्‍ट प्रारूप के बारे में पता है और मुझे उस प्रारूप में भी मजा आता है। उम्‍मीद है कि मुझे जल्‍द ही टेस्‍ट कैप भी मिलेगी।' बता दें कि 77 फर्स्‍ट क्‍लास मैचों में सूर्यकुमार यादव ने 44.01 की औसत से 5326 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। बहरहाल, यादव ने उस समय को भी याद किया जब वो भारत के लिए किसी भी प्रारूप में खेलने के लिए संघर्ष कर रहे थे।

मुंबई के बल्‍लेबाज ने कहा, 'मैं हमेशा अपने पूर्व में जाता हूं। जब मैं कमरे में होता हूं या फिर पत्‍नी के साथ यात्रा करता हूं तो हम हमेशा इस बारे में बात करते हैं कि दो से तीन साल पहले क्‍या स्थिति थी। अब क्‍या स्थिति है। तब से अब तक क्‍या बदला। हम हमेशा इस बारे में बातें करते हैं। निश्चित ही तब निराशा थी, लेकिन हमने हमेशा सकारात्‍मक पहलु देखने की कोशिश की। मैंने हमेशा बेहतर क्रिकेटर बनने की कोशिश की और हमेशा एक कदम आगे चलने का प्रयास किया। उस समय के बाद मैंने विभिन्‍न चीजें करने की कोशिश की, जैसे अच्‍छा खाना, क्‍वालीटी अभ्‍यास सत्र, समय पर सोना तो मुझे आज इसके लाभ मिल रहे हैं।'

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article