ICC T20 Rankings: फॉर्म में आते ही रैंकिंग में चमके सूर्या, लगाई लंबी छलांग
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jan 28, 2026, 03:56 PM IST
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव तगड़ी फॉर्म में वापस आ गए हैं। उनके बल्ले से दूसरे और तीसरे टी20 मैच में दो लगातार अर्धशतक जड़े। अब वह आईसीसी रैंकिंग के टॉप-10 में वापस आ गए हैं। उन्होंने पांच स्थान की लंबी छलांग लगाई है।
सूर्यकुमार यादव ने रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20I सीरीज के पहले तीन मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव आईसीसी रैंकिंग के टॉप-10 में वापस आ गए हैं। उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर पांच स्थान की लंबी छलांग लगाई है।
सूर्यकुमार का यह शानदार प्रदर्शन ऐसे समय में आया है, जब आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 शुरू होने में बस कुछ ही दिन बाकी हैं। यह उनकी उस फॉर्म में वापसी का प्रतीक है जिसका फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ एक साल से अधिक समय से बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
सूर्यकुमार यादव के 717 रेटिंग प्वाइंट्स
सूर्यकुमार यादव के अब तक 717 रेटिंग पॉइंट हो गए हैं, जो सीरीज के पहले तीन मैचों में उनके महत्वपूर्ण योगदान की बदौलत हैं। खराब फॉर्म से उबरने के बाद उन्होंने रायपुर में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार वापसी की और 37 गेंद पर नाबाद 82 रन बनाए। सूर्या का 24 पारियों और 468 दिनों में यह उनका पहला अर्धशतक था।
शानदार फॉर्म में सूर्या
गुवाहाटी में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी मिस्टर 360 डिग्री ने अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए 26 गेंद पर 57 रन बनाकर नाबाद रहे। SKY फिलहाल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने तीन मैचों में 171 रन बनाए हैं, जिनका औसत 171 और स्ट्राइक रेट 201.17 है। यह टी20 विश्व कप से पहले उनकी असाधारण निरंतरता और दबदबे को दर्शाता है।
अभिषेक ने अपनी बढ़त की और मजबूत
अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं और दो बेहतरीन अर्धशतकों के दम पर टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर अपनी बढ़त को 80 अंकों तक और मजबूत कर लिया है। तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उन्होंने किसी भारतीय द्वारा बनाया गया, दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। उनकी मौजूदा रेटिंग 929 अंक है, जो पिछले साल एशिया कप के दौरान हासिल की गई उनकी करियर की सर्वोच्च रेटिंग 931 से सिर्फ दो अंक कम है।