GG W vs DC W: सोफी डिवाइन ने दिलाई गुजरात जायंट्स को रोमांचक जीत, प्लेऑफ में पहुंचने की दिल्ली की उम्मीदें धूमिल
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jan 28, 2026, 12:02 AM IST
विमेंस प्रीमियर लीग के एक अहम मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को तीन रन से मात दी। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जायंट्स ने 9 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 171 रन ही बना सकी। सोफी डिवाइन ने आखिरी ओवर में 9 रन बचाए।
गुजरात ने दिल्ली को हराया। फोटो- WPL
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सोफी डिवाइन ने आखिरी ओवर में 9 रनों का बचाव करते हुए गुजरात जायंट्स को रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक अहम जीत दिलाई। इस जीत के साथ गुजरात जायंट्स ने प्लेऑफ की दौड़ में अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह हार एक बड़ा झटका साबित हुई। लगातार दो जीत के बाद प्लेऑफ के करीब पहुंचने वाली वाली दिल्ली कैपिटल्स टॉप-3 से बाहर हो गई। अब उनके पास गलतियों की गुंजाइश बहुत कम है। प्लेऑफ में पहुंचने का उनका भविष्य यूपी वॉरियर्स के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले पर टिका है।
मूनी ने प्लेटफॉर्म बनाया
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जायंट्स ने 9 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। सोफी डिवाइन 13 रन बनाकर जल्दी आउट हो गईं, लेकिन अनुष्का शर्मा और बेथ मूनी ने जायंट्स की पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 54 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की और शुरुआती झटके के बाद जायंट्स को मैच में वापस ला खड़ा किया।
अनुष्का ने निडर होकर शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 25 गेंद में 39 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल थे। श्री चरणी ने साझेदारी तोड़कर कैपिटल्स को थोड़ी राहत दिलाई। उन्होंने अनुष्का को उस समय आउट किया जब वह खतरनाक दिख रही थीं और पारी को और गति दे सकती थीं।
चरणी ने कहर बरपाया
उनके आउट होने के बाद, जायंट्स ने अपनी गति थोड़ी खो दी और नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण 18वें ओवर में 139 रन पर सात विकेट हो गए। दूसरे छोर पर विकेट गिरने के बावजूद मूनी संयमित रहीं और उन्होंने अपना विकेट नहीं गंवाया और 40 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने पारी को संभाले रखा और 46 गेंदों में 58 रन बनाकर नन्दिनी शर्मा का शिकार हुईं। चरणी का दबदबा रहा और उन्होंने डब्ल्यूपीएल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट चटकाए। अंत में तनुजा कंवर की 21 रनों की छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी ने जायंट्स को लड़ने लायक स्कोर दिया।
दिल्ली ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए
शानदार फॉर्म में चल रहीं शेफाली और लिजेल ली ने कैपिटल्स को धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों मिलकर पहले दो ओवरों में ही 26 रन जोड़े। हालांकि, पावरप्ले के दौरान दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने से शुरुआती लय टूट गई और पहले छह ओवरों में 51 रन बनाने के बावजूद कैपिटल्स दबाव में आ गई।
उनकी सबसे भरोसेमंद जोड़ी लौरा वोल्वार्ड्ट और जेमिमा रोड्रिग्स ने चौथे विकेट के लिए उपयोगी 31 रन की साझेदारी करके पारी को कुछ देर के लिए पारी को संभाला। हालांकि, यह स्थिरता ज्यादा देर तक नहीं टिकी और कैपिटल्स की पारी अचानक लड़खड़ा गई।
उन्होंने मात्र 18 रन पर चार विकेट गंवा दिए। सोफी डिवाइन ने जेमिमा को 16 रन पर आउट करके दिल्ली को बड़ा झटका दिया। एश्ले गार्डनर ने मारिजेन कप्प को शून्य पर पवेलियन भेज दिया। अंतिम पांच ओवरों में दिल्ली को 70 रनों की जरूरत थी। निकी प्रसाद और स्नेह राणा में अंत में तेजी से रन बनाने की पूरी कोशिश की।
निकी और राणा का प्रयास व्यर्थ
17वें ओवर में डिवाइन ने 23 रन लुटा दिए, जिसके बाद 19वें ओवर में दोनों ने गार्डनर की जमकर धुलाई करते हुए 20 रन बनाए। आखिरी ओवर में 9 रन चाहिए थे, ऐसे में सारी निगाहें डिवाइन के धैर्य पर टिकी थीं। उन्होंने शुरुआती 5 गेंद पर सिर्फ पांच रन दिए और राणा को आउट कर दिया, जिन्होंने 15 गेंदों में 29 रन की तेज पारी खेली थी।
इसके बाद आखिरी गेंद पर निकी प्रसाद ने भी डीप में गार्डनर को कैच दे थमा दिया। निकी प्रसाद ने 47 रन की पारी खेली। निकी और स्नेह राणा के बीच 70 रनों की साझेदारी हुई। डिवाइन ने धैर्य और अनुभव से गेंदबाजी करते हुए टीम को 3 रन से रोमांचक जीत दिलाई।