क्रिकेट

'केएल राहुल में जबरदस्त क्षमता है लेकिन...', सुनील गावस्कर ने भारतीय ओपनर को लेकर दिया चौंकाने वाला बयान

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 2, 2022, 11:31 AM IST

Sunil Gavaskar on KL Rahul: भारतीय ओपनर केएल राहुल इन दिनों खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। राहुल आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में अब तक उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। राहुल की खराब फॉर्म पर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने चौंकाने वाला बयान दिया है।

Image

केएल राहुल

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल की खराब फॉर्म लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। राहुल आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में अब तक खेले गए तीन मैचों में केवल 22 रन ही बना सके हैं। उन्होंने पाकिस्तन के खिलाफ 4, नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध 9-9 रन बनाए। राहुल के निराशाजनक प्रदर्शन को देखकर कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने उन्हें टीम से बाहर करने की सलाह दी है। वहीं, भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने राहुल को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। गावस्कर ने कहा कि राहुल की बल्लेबाजी में कोई तकनीकी खामी नहीं लेकिन लगता है कि उन्हें अपनी क्षमता पर भरोसा नहीं है।

'जब मैं देखता हूं कि केएल राहुल...'

राहुल इस वर्ल्ड कप में बाहर और अंदर आती गेंदों पर आउट हुए हैं, जिससे उनकी तकनीक पर सवाल उठ रहे। ऐसे में गावस्कर का स्पष्ट कहना है कि समस्या मानसिकता में है। गावस्कर ने इंडिया टुडे के साथ बातचती में कहा, 'हर बार जब मैं देखता हूं कि राहुल रन नहीं बना रहा तो मुझे लगता है कि वह वाकई नहीं जानता कि उसके पास किस तरह की क्षमता है। लगता है कि वह खुद की काबिलियत पर भरोसा नहीं करता। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी है और उसके पास जबरदस्त क्षमता है। उन्हें यह कहना शुरू करना होगा कि 'मैं मैदान पर जाकर गेंद को पुराना करूंगा।' उसे इस तरह का रवैया अपनाना होगा। मैं चाहता हूं कि वह दबदबा बनाए, जिससे बहुत फर्क पड़ेगा।'

'हम राहुल को सपोर्ट करते रहेंगे'

राहुल के शुरुआती तीन मैचों में विफल रहने के बावजूद भारतीय टीम मैनेजमेंट का उनपर भरोसा कायम है। हेड कोच राहुल द्रविड़ ने कहा है कि हम राहुल को सपोर्ट करते रहेंगे। उहोंने बांग्लादेश के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा, 'पिछले एक वर्ष में मैंने और रोहित ने केवल बातों में ही नहीं मैदान पर भी राहुल का पूरा समर्थन किया है।' द्रविड़ से पूछा गया कि क्या राहुल की फॉर्म चिंता का विषय है तो उन्होंने कहा, 'कतई नहीं। मेरा मानना है कि वह बेहतरीन खिलाड़ी है और उसका रिकॉर्ड यह साबित करता है। उसने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। उसने शानदार बल्लेबाजी की है और टी20 मैचों में कभी ऐसा होता है।'
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article